फ्रांस में जून की भीषण गर्मी बनी जानलेवा, 5700 से अधिक मौतें दर्ज

युगवार्ता    22-Jul-2026
Total Views |

पेरिस, 22 जुलाई (हि.स.)। फ्रांस में जून के महीने में पड़ी रिकॉर्ड तोड़ गर्मी का गंभीर असर जनस्वास्थ्य पर देखने को मिला है। देश की सार्वजनिक स्वास्थ्य एजेंसी ने बुधवार को बताया कि 17 जून से 02 जुलाई के बीच सामान्य से 5,764 अधिक मौतें दर्ज की गईं। अधिकारियों ने इसे विशेष रूप से 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों में अभूतपूर्व अतिरिक्त मृत्यु दर बताया है।

स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, वर्ष 2003 की विनाशकारी हीटवेव के बाद यह पहली बार है जब गर्मी के दौरान इतनी अधिक अतिरिक्त मौतें दर्ज की गई हैं। वर्ष 2003 में भीषण गर्मी के कारण फ्रांस में लगभग 15,000 लोगों की जान चली गई थी, जिसे देश के इतिहास की सबसे घातक हीटवेव में गिना जाता है।

सार्वजनिक स्वास्थ्य एजेंसी ने स्पष्ट किया कि 17 जून से 02 जुलाई के बीच दर्ज अतिरिक्त मौतें सभी कारणों से हुई हैं और फिलहाल यह निश्चित रूप से नहीं कहा जा सकता कि इनमें से प्रत्येक मौत सीधे गर्मी के कारण हुई।

आंकड़ों के अनुसार, अतिरिक्त मौतों में लगभग दो-तिहाई लोग 75 वर्ष या उससे अधिक आयु के थे, जबकि 45 से 64 वर्ष आयु वर्ग के लोगों की हिस्सेदारी 20 प्रतिशत से भी कम रही। विशेष चिंता की बात यह रही कि कुल अतिरिक्त मौतों में से लगभग आधी केवल 25 से 27 जून के बीच तीन दिनों में दर्ज की गईं।

फ्रांस में जून 2026 को 1947 से रिकॉर्ड रखे जाने के बाद का सबसे गर्म जून बताया गया है। देश के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। 24 और 25 जून को दर्ज औसत तापमान फ्रांस के इतिहास में किसी भी महीने के लिए अब तक का सबसे अधिक रहा।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags