लेबनान-इजराइल के बीच 04 अगस्त को इटली में होगी अगली वार्ता

22 Jul 2026 21:41:53

बेरूत, 22 जुलाई (हि.स.)। लेबनान और इजराइल के बीच अमेरिका की मध्यस्थता में चल रही शांति वार्ता का अगला दौर 04 अगस्त को इटली में आयोजित होगा। एक लेबनानी अधिकारी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि दोनों पक्ष दक्षिणी लेबनान में प्रस्तावित सुरक्षा व्यवस्था और चरणबद्ध सैन्य तैनाती से जुड़े मुद्दों पर आगे की चर्चा करेंगे।

दोनों देशों के बीच मार्च में शुरू हुए नए संघर्ष के बाद यह वार्ता प्रक्रिया शुरू हुई थी। संघर्ष का संबंध क्षेत्रीय तनाव और लेबनान के सशस्त्र संगठन हिज़्बुल्लाह तथा इज़राइल के बीच बढ़ी सैन्य गतिविधियों से रहा है। अमेरिका की मध्यस्थता में पिछले तीन महीनों से दोनों पक्ष लगातार बातचीत कर रहे हैं।

यह वार्ता इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि लेबनान और इजराइल के बीच औपचारिक राजनयिक संबंध नहीं हैं और दोनों देश लंबे समय से तकनीकी रूप से युद्ध की स्थिति में माने जाते हैं। वर्षों से सीमा विवाद, सैन्य अभियानों और सुरक्षा तनाव के कारण दोनों देशों के रिश्ते बेहद संवेदनशील रहे हैं।

अमेरिका की मेजबानी में हुई कई दौर की बैठकों के बाद हाल ही में एक प्रारंभिक रूपरेखा पर सहमति बनी थी। इस रूपरेखा में दक्षिणी लेबनान में हिज़्बुल्लाह के निरस्त्रीकरण की दिशा में कदम, इजराइली सैनिकों की चरणबद्ध वापसी तथा लेबनानी सेना की तैनाती का प्रस्ताव शामिल है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0