नेपाल में बागमती सरकार से यूएमएल के छह मंत्रियों का सामूहिक इस्तीफा

22 Jul 2026 11:45:53
बागमती प्रदेश से इस्तीफा देने वाले यूएमएल के मंत्री


काठमांडू, 22 जुलाई (हि.स.)। नेपाल की बागमती प्रदेश सरकार को बड़ा झटका लगा है। केंद्र में सत्ता समीकरण बदलने के बाद नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एकीकृत मार्क्सवादी-लेनिनवादी) यानी सीपीएन-यूएमएल के सभी छह मंत्रियों ने प्रदेश सरकार से सामूहिक इस्तीफा दे दिया। मंत्रियों ने एक साथ अपने इस्तीफे इन्द्र बहादुर बनियां को सौंपे।

इस्तीफा देने वालों में कृषि एवं पशुपालन मंत्री मधुसूदन पौडेल, भौतिक अवसंरचना विकास मंत्री डॉ. दिनेश चन्द्र देवकोटा, उद्योग, पर्यटन, श्रम एवं परिवहन मंत्री जयराम थापा, वन एवं पर्यावरण मंत्री भरत बहादुर केसी, स्वास्थ्य मंत्री किरण थापा तथा उद्योग, वाणिज्य, भूमि एवं प्रशासन मंत्री बिन्दु श्रेष्ठ शामिल हैं। सभी मंत्री काठमांडू से लौटने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंचे और अपना इस्तीफा सौंपा ।

यूएमएल ने सरकार से अपना समर्थन भी वापस ले लिया । इसके बाद मुख्यमंत्री इन्द्र बहादुर बनियां के नेतृत्व वाली सरकार विधानसभा में अल्पमत में आ गई है, जिससे सरकार के भविष्य पर राजनीतिक अनिश्चितता बढ़ गई है।

बागमती में सरकार का गठन नेपाली कांग्रेस और यूएमएल के गठबंधन से हुआ था, जिसमें नेपाली कांग्रेस की ओर से इन्द्र बहादुर बनियां को मुख्यमंत्री बनाया गया था। हालांकि, केंद्र में बदले राजनीतिक समीकरणों का असर अब प्रदेश की राजनीति पर भी साफ दिखाई देने लगा है और आने वाले दिनों में बागमती प्रदेश में नई सरकार के गठन की संभावनाएं तेज हो सकती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0