नेपाल सरकार का पोखरा और भैरहवा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों से नियमित उड़ानों को बढ़ावा देने के लिए आकर्षक छूट

22 Jul 2026 20:53:53
कैबिनेट बैठक


काठमांडू, 22 जुलाई (हि.स.)। नेपाल सरकार ने अगस्त 2026 से 2028 के अंत तक पोखरा और गौतम बुद्ध अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों से नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित करने वाली एयरलाइंस को विभिन्न प्रकार की रियायतें देने का निर्णय लिया है।

बुधवार को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में पर्यटन मंत्रालय के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए फैसला किया गया कि इन दोनों अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों से संचालित नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए पार्किंग, लैंडिंग और नेविगेशन शुल्क पूरी तरह माफ किया जाएगा।

इसके अलावा, मंत्रिपरिषद ने ग्राउंड हैंडलिंग शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट देने संबंधी पर्यटन मंत्रालय के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की है।

अपने निर्माण के तीन वर्षों के बाद भी दोनों अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा अभी तक पूर्ण संचालन में नहीं आ पाया है। इन दोनों ही हवाईअड्डा से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को प्रोत्साहन देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है पर यात्री अभाव में नियमित उड़ान नहीं हो पा रहा है।

इनमें पोखरा अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा चीन से भारी ब्याज पर कर्ज लेकर निर्माण किया गया है जिसके एवज में उसे नियमित किस्त देने के लिए भी पैसे नहीं वसूल हो रहा है।

इसी तरह भैरहवा स्थित गौतम बुद्ध अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा एशियाई विकास बैंक के कर्ज से निर्माण किया गया है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0