
चांगझोउ, 22 जुलाई (हि.स.)। भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने चाइना ओपन 2026 में विजयी शुरुआत करते हुए बुधवार को हमवतन उन्नति हुड्डा को तीन गेम तक चले मुकाबले में हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल (अंतिम-16) में जगह बना ली। वहीं पुरुष एकल में युवा खिलाड़ी आयुष शेट्टी ने इंडोनेशिया के विश्व नंबर-11 अल्वी फरहान को हराकर बड़ा उलटफेर किया।
विश्व रैंकिंग में 15वें स्थान पर काबिज सिंधु, जो हाल ही में जापान ओपन का खिताब जीतकर आई हैं, ने उन्नति हुड्डा को 21-14, 9-21, 21-10 से हराया। लगभग एक घंटे तक चले मुकाबले में दूसरे गेम में पिछड़ने के बाद सिंधु ने शानदार वापसी करते हुए निर्णायक गेम आसानी से अपने नाम किया।
अब अंतिम-16 में सिंधु का सामना मेजबान चीन की चौथी वरीयता प्राप्त चेन यू फेई से होगा, जिन्होंने पहले दौर में जापान की नात्सुकी निदाइरा को हराया था।
पुरुष एकल में भारत के आयुष शेट्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंडोनेशिया के विश्व नंबर-11 अल्वी फरहान को 21-17, 5-21, 21-17 से मात देकर अंतिम-16 में प्रवेश किया। यह जीत शेट्टी के लिए खास रही क्योंकि 2023 विश्व जूनियर चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में उन्हें इसी खिलाड़ी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
हालांकि युगल स्पर्धाओं में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। मिश्रित युगल में रोहन कपूर और ऋत्विका शिवानी गड्डे की जोड़ी को शीर्ष वरीय चीन के यान झे फेंग और डोंग पिंग हुआंग ने 21-9, 21-16 से हराया।
एक अन्य मिश्रित युगल मुकाबले में ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो को चीन के शिन वा गुओ और फांग हुई चेन ने 21-18, 21-18 से सीधे गेमों में पराजित किया।
पुरुष युगल में एम.आर. अर्जुन और हरिहरन अम्साकरुनन की जोड़ी भी चौथी वरीयता प्राप्त वेई केंग लियांग और चांग वांग के खिलाफ मुकाबला हारकर बाहर हो गई।
उधर, भारत के शीर्ष वरीय पुरुष एकल खिलाड़ी लक्ष्य सेन दिन में बाद में विश्व नंबर-19 जापान के युशी तनाका के खिलाफ अपने पहले दौर का मुकाबला खेलेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे