गुरु रविदास जी महाराज की जयंती पर जन्मभूमि की मिट्टी 131 कलशों में भरकर गांव-गांव दिया जाएगा समरसता का संदेश : तरुण चुग

22 Jul 2026 00:08:53
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री चुग बैठक में विषय रखते हुए


वाराणसी, 21 जुलाई (हि. स.)। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650 वीं जयंती को भारतीय जनता पार्टी इस बार देशव्यापी स्तर पर बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाएगी। जयंती वर्ष के तहत आषाढ़ पूर्णिमा यानी गुरु पूर्णिमा से लेकर माघी पूर्णिमा तक देशभर में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में संत रविदास जी महाराज की जन्मस्थली वाराणसी के सीरगोवर्धनपुर से उनकी पवित्र जन्मभूमि की मिट्टी 131 कलशों में भरकर उत्तर प्रदेश समेत देश के विभिन्न राज्यों, जिलों, मंडलों, गांवों और बस्तियों तक पहुंचाई जाएगी। वहां इन कलशों का पूजन कर संत रविदास के सामाजिक समरसता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

इस ऐतिहासिक आयोजन की जानकारी भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने मंगलवार को वाराणसी में सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों तथा भाजपा के क्षेत्र, जिला और महानगर पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650 वीं जयंती वर्ष को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने बड़े उत्साह और भव्यता के साथ मनाने का निर्णय लिया है। संत रविदास का योगदान केवल वाराणसी तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्होंने पूरे देश और दुनिया को सामाजिक समरसता, मानवता और समानता का संदेश दिया। उनका पूरा जीवन सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए समर्पित रहा और वे सामाजिक समरसता के महानायक के रूप में सदैव स्मरण किए जाते रहेंगे।

- 29 जुलाई को जन्मस्थली पर होगा विशेष आयोजन

राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने बताया कि 29 जुलाई, गुरु पूर्णिमा के दिन संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की जन्मस्थली पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित देशभर से संत समाज के लोग प्रमुख रूप से शामिल होंगे। कार्यक्रम में संत रविदास जी की जन्मस्थली की मिट्टी से भरे 131 कलशों का पूजन और आरती की जाएगी। इसके साथ ही जनसभा भी आयोजित होगी। उन्होंने बताया कि 28 जुलाई को 131 टोलियां देश के विभिन्न हिस्सों से संत रविदास जी की जन्मस्थली पर पहुंचेंगी। इन टोलियों के माध्यम से 131 कलशों में जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी भरी जाएगी। 29 जुलाई को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संत समाज की उपस्थिति में कलश पूजन एवं आरती होगी। इसके अगले दिन 30 जुलाई को सभी 131 कलश वाहनों पर रखकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों और देश के अन्य राज्यों के लिए रवाना किए जाएंगे। इन 131 कलशों में उत्तर प्रदेश के 98 संगठनात्मक जिले, देश के 27 राज्य और छह जोन शामिल हैं। इसके माध्यम से संत रविदास की जन्मस्थली की मिट्टी देशभर के गांव-गांव और बस्ती-बस्ती तक पहुंचेगी तथा वहां उसका पूजन किया जाएगा।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने कहा कि संत रविदास जी महाराज की जन्मस्थली वाराणसी से निकलने वाली जन्मभूमि की मिट्टी देश के कोने-कोने तक पहुंचाना केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि संत रविदास के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। 131 कलशों के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों और संगठनात्मक क्षेत्रों को जन्मस्थली से जोड़ने की यह पहल संत रविदास के विचारों को व्यापक स्तर पर जनमानस तक पहुंचाएगी।

- भक्ति आंदोलन ने अंधकार में दिखाई राह : लाल सिंह आर्य

बैठक में रहे भाजपा अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. लाल सिंह आर्य ने कहा कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर 29 जुलाई को संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की जन्मस्थली पर होने वाला आयोजन देश को नया संदेश देने वाला साबित होगा। उन्होंने कहा कि जब चारों ओर अंधकार का वातावरण था, तब भक्ति आंदोलन ने समाज को नई दिशा और रास्ता दिखाया। संत रविदास महान संत और सामाजिक समरसता के प्रबल पक्षधर रहे। उन्होंने जीवनभर आडंबर का विरोध किया और समाज को मानवता, समानता तथा भाईचारे का संदेश दिया। डॉ. लाल सिंह आर्य ने बताया कि संत रविदास जी महाराज की 650 वीं जयंती के आयोजन की तैयारियों को लेकर 23 जुलाई को लखनऊ में कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसके बाद 25 से 27 जुलाई तक जिलास्तर पर कार्यशालाएं आयोजित कर कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने किया।

- भाजपा नेताओं ने संत शिरोमणी रविदास महाराज की जन्मस्थली का निरीक्षण

29 जुलाई को संत शिरोमणी रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धन में होने वाले कार्यक्रम को लेकर भाजपा नेताओं ने जन्मस्थली का दौरा कर निरीक्षण किया। दौरा करने वालों में भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, भाजपा अनुसुचित जाति मोर्चे के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरुण, प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान, राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, महापौर अशोक तिवारी, केंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजुद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Powered By Sangraha 9.0