आंध्र प्रदेश में एनएच-42 को चार लेन बनाने के लिए 679.71 करोड़ मंजूर

23 Jul 2026 15:06:53
राष्ट्रीय राजमार्ग (प्रतीकात्मक चित्र)।


नई दिल्ली, 23 जुलाई (हि.स.)। केंद्र सरकार ने आंध्र प्रदेश के श्री सत्य साई जिले में मुदिगुब्बा से कदिरी तक राष्ट्रीय राजमार्ग-42 को दो लेन से चार लेन में विकसित करने के लिए 679.71 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इस परियोजना से आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के कई क्षेत्रों की बेंगलुरु-विजयवाड़ा-कोलकाता (बीकेवी) एक्सप्रेसवे, तिरुपति और चेन्नई तक बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध होगी।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि परियोजना के तहत मौजूदा दो लेन सड़क को पक्के कंधों (पेव्ड शोल्डर) सहित चार लेन राजमार्ग में बदला जाएगा। इस परियोजना से अनंतपुर और श्री सत्य साई जिलों के साथ-साथ कर्नाटक के कुछ हिस्सों से बीकेवी एक्सप्रेसवे, तिरुपति और चेन्नई तक निर्बाध संपर्क स्थापित होगा। इससे यात्रा और माल परिवहन में लगने वाला समय कम होगा, यातायात का दबाव घटेगा तथा क्षेत्रीय लॉजिस्टिक्स और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि परियोजना में चार लेन मुख्य मार्ग, सर्विस रोड, एक फ्लाईओवर, एक वाहन अंडरपास-सह-रोड ओवर ब्रिज (वीयूपी-सह-आरओबी) तथा एक प्रमुख पुल का निर्माण किया जाएगा। इससे यात्रियों और मालवाहक वाहनों के लिए यात्रा अधिक सुरक्षित और सुगम होगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0