कॉमनवेल्थ गेम्स : लॉन बॉल्स में पुतुल सोनोवाल ने विश्व चैंपियन रयान बेस्टर को हराकर किया बड़ा उलटफेर

23 Jul 2026 19:55:53
भारत के युवा लॉन बॉल्स खिलाड़ी पुतुल सोनोवाल


ग्लास्गो, 23 जुलाई (हि.स.)। भारत के युवा लॉन बॉल्स खिलाड़ी पुतुल सोनोवाल ने कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में शानदार शुरुआत करते हुए विश्व चैंपियन रयान बेस्टर को हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया। अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में उतरने वाले सोनोवाल ने पुरुष एकल सेक्शनल प्ले के मुकाबले में कनाडा के मौजूदा विश्व चैंपियन को रोमांचक टाईब्रेकर में मात दी।

विश्व रैंकिंग में 21वें स्थान पर काबिज पुतुल ने मुकाबले का पहला सेट 5-4 से अपने नाम कर बढ़त बनाई। हालांकि दो बार के कॉमनवेल्थ गेम्स रजत पदक विजेता बेस्टर ने शानदार वापसी करते हुए दूसरा सेट 7-3 से जीत लिया, जिससे मुकाबला टाईब्रेकर तक पहुंच गया। टाईब्रेकर में टॉस जीतकर बेस्टर ने पहला रोल किया, लेकिन पुतुल का पहला प्रयास 'किटी' के बेहद करीब जाकर रुका, जिसने अंततः उन्हें जीत दिला दी।

असम पुलिस का प्रतिनिधित्व करने वाले पुतुल सोनोवाल अब शुक्रवार को अपने अगले सेक्शन डी मुकाबले में फॉकलैंड द्वीप के सेसिल अलेक्जेंडर का सामना करेंगे।

इससे पहले गुरुवार को भारत की रूपा रानी तिर्की और पिंकी की जोड़ी ने महिला युगल स्पर्धा में माल्टा की रेबेका लुईस रिक्सन और कोनी-लेह रिक्सन को टाईब्रेकर में हराकर विजयी शुरुआत की थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0