एसए-20 का पांचवां सीजन 17 जनवरी 2027 से, 21 फरवरी को खेला जाएगा फाइनल

23 Jul 2026 16:38:53
पिछले सीज़न की फाइनलिस्ट टीमें - मौजूदा चैंपियन सनराइजर्स ईस्टर्न केप और रनर-अप प्रिटोरिया कैपिटल्स


केपटाउन, 23 जुलाई (हि.स.)। दक्षिण अफ्रीका की लोकप्रिय टी-20 फ्रेंचाइजी लीग एसए-20 के पांचवें सीजन का कार्यक्रम गुरुवार को घोषित कर दिया गया है। यह आयोजन 17 जनवरी से 21 फरवरी 2027 तक होगा। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला गत चैंपियन सनराइजर्स ईस्टर्न केप और उपविजेता प्रिटोरिया कैपिटल्स के बीच सेंट जॉर्ज पार्क, ग्केबेरहा में खेला जाएगा।

टूर्नामेंट के दूसरे दिन पिछले सीजन की अन्य दो प्लेऑफ टीमों पार्ल रॉयल्स और जोहान्सबर्ग सुपर किंग्स के बीच मुकाबला पार्ल में होगा। पूरे टूर्नामेंट के दौरान 23 जनवरी, 30 जनवरी, 6 फरवरी और 13 फरवरी को चार शनिवार डबल-हेडर मुकाबले खेले जाएंगे। लीग चरण का आखिरी मैच 14 फरवरी को न्यूलैंड्स, केपटाउन में एमआई केपटाउन और प्रिटोरिया कैपिटल्स के बीच होगा।

इसके ठीक एक सप्ताह बाद 21 फरवरी को इसी मैदान पर फाइनल खेला जाएगा। इससे पहले क्वालिफायर-1 और एलिमिनेटर मुकाबले क्रमशः पार्ल और जोहान्सबर्ग में आयोजित होंगे, जबकि क्वालिफायर-2 भी जोहान्सबर्ग के वांडरर्स मैदान पर खेला जाएगा।

एसए-20 लीग के आयुक्त ग्रीम स्मिथ ने कार्यक्रम जारी होने पर कहा कि नए सीजन की दिशा में यह पहला बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि पिछले सीजन के फाइनलिस्टों के बीच पहले मैच से बेहतर शुरुआत नहीं हो सकती। स्मिथ ने क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका के हवाले से कहा, पिछले सीजन सनराइजर्स ईस्टर्न केप और प्रिटोरिया कैपिटल्स के बीच बेहद रोमांचक फाइनल हुआ था। ऐसे में दोनों टीमों के बीच नए सीजन का पहला मुकाबला होना बिल्कुल उपयुक्त है।

लगातार दूसरे और कुल तीसरी बार न्यूलैंड्स को फाइनल की मेजबानी मिली है। केपटाउन के मेयर जियोर्डिन हिल-लुईस ने इसे शहर के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप की मेजबानी वाले वर्ष में एसए-20 फाइनल का आयोजन केपटाउन की क्रिकेट विरासत को और मजबूत करेगा। पार्ल को पहली बार एसए-20 प्लेऑफ मुकाबले की मेजबानी मिली है। ग्रेम स्मिथ ने कहा कि पार्ल के दर्शकों ने हमेशा लीग को शानदार समर्थन दिया है और अब उन्हें पहली बार प्लेऑफ मुकाबला देखने का अवसर मिलेगा।

एसए-20 प्लेऑफ कार्यक्रम

क्वालिफायर-1: 16 फरवरी 2027, बोलैंड पार्क, पार्ल

एलिमिनेटर: 17 फरवरी 2027, वांडरर्स, जोहान्सबर्ग

क्वालिफायर-2: 19 फरवरी 2027, वांडरर्स, जोहान्सबर्ग

फाइनल: 21 फरवरी 2027, न्यूलैंड्स, केपटाउन

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0