ग्लासगो में भारतीय समुदाय के साथ साइकिल रैली में शामिल हुए मांडविया, दिया फिटनेस का संदेश

23 Jul 2026 16:41:53
ग्लासगो में भारतीय समुदाय के साथ साइकिल रैली में शामिल हुए मांडविया


ग्लासगो, 23 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने गुरुवार को स्कॉटलैंड के ग्लासगो में भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ 'चीयर फॉर भारत' पहल के तहत साइकिल रैली में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया तथा राष्ट्रमंडल खेल-2026 में हिस्सा ले रहे भारतीय खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

इस साइकिल रैली में बड़ी संख्या में भारतीय मूल के लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय खिलाड़ियों का समर्थन करने के साथ-साथ लोगों को दैनिक जीवन में शारीरिक गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रेरित करना था। यह पहल खेल और फिटनेस के माध्यम से भारतीय प्रवासी समुदाय से जुड़ाव मजबूत करने और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने की केंद्र सरकार की मुहिम का हिस्सा है। रैली के दौरान डॉ. मांडविया ने प्रतिभागियों से बातचीत की और फिट इंडिया आंदोलन के प्रति उनके उत्साह की सराहना की।

इस अवसर पर डॉ. मांडविया ने कहा कि भारतीय खिलाड़ी राष्ट्रमंडल खेल-2026 में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए ग्लासगो पहुंचे हैं और यह उत्साहजनक है कि भारतीय समुदाय 'चीयर फॉर भारत' पहल के तहत एकजुट होकर उनका समर्थन कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह साइकिल रैली पूरी दुनिया को यह संदेश देती है कि फिटनेस हर व्यक्ति और हर समाज के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए फिट इंडिया आंदोलन के प्रति भारतीय प्रवासी समुदाय का उत्साह यह दर्शाता है कि वे दुनिया के विभिन्न देशों में रहते हुए भी इस अभियान से जुड़े हुए हैं और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

डॉ. मांडविया ने कहा कि एक विकसित भारत का निर्माण तभी संभव है, जब उसके नागरिक स्वस्थ हों। उन्होंने सभी भारतीयों से फिट इंडिया आंदोलन से जुड़ने और 'विकसित भारत' के लक्ष्य को साकार करने में योगदान देने की अपील की। उन्होंने साइकिल चलाने के अनेक लाभों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह न केवल लोगों को फिट रखती है, बल्कि प्रदूषण कम करने, यातायात का दबाव घटाने और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

डॉ. मांडविया इन दिनों राष्ट्रमंडल खेल-2026 के सिलसिले में ग्लासगो दौरे पर हैं। इस दौरान वह भारतीय खिलाड़ियों, अधिकारियों और भारतीय समुदाय के सदस्यों से मुलाकात कर रहे हैं। यह दौरा खेलों में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने और फिट इंडिया अभियान को वैश्विक स्तर पर मजबूती देने की केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0