
नई दिल्ली, 24 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने सऊदी अरब से वांछित आरोपित मुहम्मदअली कन्नीर पल्लियालिल का देश में वापस प्रत्यर्पण (डिपोर्टेशन) कराया है। एनआईए को गैरकानूनी गतिविधियों और हत्या के मामले में वांछित था। उसे 23 जुलाई को सऊदी अरब से भारत लाया गया।
सीबीआई ने बताया कि एजेंसी ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के समन्वय से प्रत्यर्पण कराया। मुहम्मदअली कन्नीर पल्लियालिल अपने साथियों के साथ एक व्यापक साजिश के तहत घातक हथियारों से लैस होकर एक व्यक्ति की दुकान में जबरन घुसा था। आरोप है कि आरोपितों ने पीड़ित को अवैध रूप से रोककर उस पर जानलेवा हथियारों से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
एनआईए के अनुरोध पर सीबीआई ने इंटरपोल के माध्यम से आरोपित के खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया था। बाद में उसकी सऊदी अरब में मौजूदगी का पता लगाया गया, जिसके बाद वहां के अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद भारत सरकार की ओर से सऊदी अरब के अधिकारियों को प्रत्यर्पण का अनुरोध भेजा गया। सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद सऊदी अरब ने आरोपित को भारत डिपोर्ट कर दिया।
सीबीआई ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों और भारतीय मंत्रालयों के समन्वय से इस कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। अब आगे की कानूनी कार्रवाई एनआईए द्वारा की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर