देश का विदेशी मुद्रा भंडार 1.08 अरब डॉलर बढ़कर 676.24 अरब डॉलर पर पहुंचा

24 Jul 2026 18:41:53
विदेशी मुद्रा भंडार के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


मुंबई, 24 जुलाई (हि.स.)। विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार तीसरे हफ्ते इजाफा हुआ है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 17 जुलाई को समाप्त हफ्ते में 1.08 अरब डॉलर बढ़कर 676.24 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। इससे पिछले हफ्ते विदेशी मुद्रा भंडार 96.4 करोड़ डॉलर बढ़कर 675.16 अरब डॉलर हो गया था।

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों में कहा कि 17 जुलाई को समाप्त हफ्ते के दौरान विदेशी मुद्रा भंडार का प्रमुख घटक माने जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियां (एफसीए) 4.55 अरब डॉलर बढ़कर 551.06 अरब डॉलर हो गईं है। इस हफ्ते में स्वर्ण भंडार का मूल्य 3.48 अरब डॉलर घटकर 101.75 अरब डॉलर रह गया। वहीं, विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 4.4 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.67 अरब डॉलर हो गया। इसी तरह अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में भारत का आरक्षित कोष भी 3.2 करोड़ डॉलर घटकर 4.76 अरब डॉलर रहा है।

आरबीआई के आंकड़ों के अनुसार 27 फरवरी को समाप्त हफ्ते में देश का विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर रिकॉर्ड 728.49 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0