सरकार के साथ वार्ता के बाद सीजेपी बोली- प्रधान के इस्तीफे पर कोई समझौता नहीं

24 Jul 2026 16:12:53
जे पी नड्डा और काकरोच पार्टी के प्रवक्ता (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 24 जुलाई (हि.स.)। सरकार के साथ यहां कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में बातचीत के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर कोई समझौता नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि हमारी इस मांग पर सरकार ने शनिवार दोपहर तक का समय मांगा है।

बैठक में सरकार की ओर से केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा और प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री डॉ जितेंद्र सिंह शामिल थे, जबकि सीजेपी का प्रतिनिधित्व आशुतोष रांका और सौरव दास ने किया।

आशुतोष रांका ने पत्रकारों को बताया, सरकार ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की हमारी मांग पर कल दोपहर तक का समय मांगा है। हमें उम्मीद है कि सरकार उन्हें जल्द ही हटा देगी। सरकार ने छात्रों पर एफआईआर और कानूनी मामले वापस लेने की दो मांगों पर सैद्धांतिक मंज़ूरी दे दी है।

उन्होंने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को गैर-समझौतावादी बताते हुए स्पष्ट किया कि इस मुद्दे पर कोई समझौता नहीं होगा। पार्टी ने कहा कि जब तक उनकी मुख्य मांग पूरी नहीं होती, तब तक जंतर-मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन जारी रहेगा।

सीजेपी और सरकार के बीच दिल्ली में यह दूसरे दौर की बातचीत थी। इससे पहले 20 जुलाई को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के आवास पर हुई बातचीत बेनतीजा रही थी। उस बैठक में भी सीजेपी की ओर से आशुतोष रांका और सौरव दास मौजूद रहे थे।

इसके पहले सरकार ने कहा था कि हमने चार बार सीजेपी को बातचीत के लिए बुलाया पर वे नहीं आए। वहीं, सीजेपी ने कहा था कि उसके प्रतिनिधि बात करने के लिए जेपी नड्डा के आवास पर नहीं जाएंगे, किसी तटस्थ स्थान पर बातचीत हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय

Powered By Sangraha 9.0