डबल इंजन सरकार में विकास और प्रगति की आई आंधी : ज्योतिरादित्य सिंधिया

24 Jul 2026 22:13:53
केंद्रीय मंत्री ने शुक्रवार को दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित किया


- केंद्रीय मंत्री ने शुक्रवार को दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित किया

दतिया/भोपाल, 24 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में ग्रामीण क्षेत्रों बड़ौनी, जिगना, निचरोली, चकरासागर और गोविंद नगर में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार में विकास और प्रगति की आंधी आई है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मध्यप्रदेश में डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकारें जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार विकास कार्य कर रही हैं।

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश में 70 वर्षों और प्रदेश में लंबे समय तक शासन किया, लेकिन विकास के कार्यों पर ध्यान नहीं दिया। कांग्रेस हमेशा एक परिवार को आगे बढ़ाने की राजनीति करती रही, जबकि भाजपा में कार्यकर्ताओं को सम्मान और अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने जनता के अधिकारों पर डाका डालकर अपनी जेबें भरने का काम किया, वहीं भाजपा सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा और हर वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं लागू की हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने बढ़ाया भारत का मान-सम्मान

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का मान, सम्मान और स्वाभिमान पूरी दुनिया में बढ़ा है। आज वैश्विक मंच पर भारत की मजबूत पहचान बनी है और दुनिया के बड़े देश भी भारत की भूमिका को महत्व देते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने हर चुनौती का मजबूती से सामना किया है और भारत की प्रतिष्ठा विश्व स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंची है।

भाजपा सरकार की योजनाओं से बदला लोगों का जीवन

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि भाजपा सरकारों ने समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए योजनाएं बनाकर लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि सहित कई योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में वर्षों तक जितने आवास नहीं बने, उससे कहीं अधिक आवास प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीबों को उपलब्ध कराए गए हैं।

दतिया में विकास की रफ्तार भाजपा सरकार की देन

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि करीब 18 वर्ष पहले दतिया क्षेत्र में सड़क, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति काफी खराब थी। गांवों में लोग लालटेन की रोशनी में पढ़ाई करने को मजबूर थे, लेकिन भाजपा सरकार ने विकास की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने कहा कि दतिया को मेडिकल कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय, एयर कनेक्टिविटी, सांदीपनि स्कूल जैसी महत्वपूर्ण सौगातें भाजपा सरकार के कार्यकाल में मिली हैं। उन्होंने कहा कि अब दतिया में विकास की गति को और तेज करना है। इसके लिए भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को भारी मतों से विजयी बनाना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और मतदाताओं से भाजपा के कमल निशान पर मतदान करने की अपील की।

दतिया से सिंधिया परिवार का पुराना संबंध

सिंधिया ने कहा कि दतिया के लोगों के साथ सिंधिया परिवार का रिश्ता केवल राजनीति का नहीं, बल्कि परिवार जैसा है। उन्होंने कहा कि जब भी क्षेत्र की जनता पर कोई संकट आया, सिंधिया परिवार हमेशा उनके साथ खड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि वे केंद्रीय मंत्री के रूप में नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य के रूप में जनता के बीच आए हैं। इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी सहित मध्यप्रदेश शासन के मंत्री राकेश शुक्ला, तुलसी सिलावट, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं दतिया उपचुनाव अभियान के सह प्रमुख रणवीर सिंह जाटव सांसद संध्या राय, जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह, विधायक प्रीतम लोधी सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Powered By Sangraha 9.0