ब्रास सिटी प्री मानसून क्रिकेट टूर्नामेंट : नेक्स्ट ब्लू टीम ने नेक्स्ट रेड टीम को दो विकेट से हराया

24 Jul 2026 18:30:53
सोनकपुर  स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित मैच में मैन ऑफ द मैच खिलाड़ी को सम्मानित करते आयोजक।


मुरादाबाद, 24 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद में ब्रास सिटी प्री मानसून क्रिकेट टूर्नामेंट के छठे दिन नेक्स्ट ब्लू टीम ने नेक्स्ट रेड टीम को दो विकेट से हरा दिया। अर्णव चौधरी को धुआंधार बल्लेबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एसोसिएशन मुरादाबाद के सचिव व पूर्व रणजी खिलाड़ी विजय गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि आज सोनकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नेक्स्ट रेड की टीम 32 ओवर में 153 रन पर ढेर हो गई। टीम के बल्लेबाज मयंक सिंह ने 48 व शेखर ने 13 रन बनाए।

जवाब में नेक्स्ट ब्लू की टीम ने 36.1 ओवर में 8 विकेट पर 154 रन बनाकर जीत हासिल की। अर्णव चौधरी ने नाबाद रहकर 45 गेंद में 101 रन बनाए। कान्हा ने 34 व नैतिक ने 19 रन बनाए। अर्णव चौधरी को धुआंधार बल्लेबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Powered By Sangraha 9.0