उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल भारतीय खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं

24 Jul 2026 13:15:53
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के आगाज की एक झलक।


नई दिल्ली, 24 जुलाई (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में शुरू हुए 'राष्ट्रमंडल खेल 2026' में शामिल भारतीय दल के सदस्यों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने एक्स पर लिखा, मैं राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल भारतीय दल के हर सदस्य को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। उम्मीद है कि हमारे खिलाड़ी देश का मान बढ़ाने की कोशिश में अटूट संकल्प, बेहतरीन कौशल और सच्ची खेल भावना का प्रदर्शन करेंगे। मैं उन्हें हर इवेंट में बड़ी सफलता की शुभकामनाएं देता हूं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस खेल में शामिल हो रहे भारतीय दल को अपनी शुभकामनाएं देता हूं। मुझे पूरा भरोसा है कि हमारे खिलाड़ी जोश, दृढ़ संकल्प और बेहतरीन प्रदर्शन की भावना के साथ इन खेलों में हिस्सा लेंगे। हमारे खिलाड़ियों का हुनर और लगन हमेशा अनगिनत भारतीयों को प्रेरित करते हैं।

उल्लेखनीय है कि ग्लास्गो में गुरुवार रात को राष्ट्रमंडल खेलों का शुभारंभ हुआ। यह 23 जुलाई से 2 अगस्त तक चलेगा। इसमें 74 राष्ट्रमंडल खेल संघों के हजारों खिलाड़ी पदकों के लिए अपनी चुनौती पेश करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0