बांकीपुर उपचुनाव: भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन पहुंचे पटना, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और ऋतुराज सिन्हा भी संभालेंगे मोर्चा

25 Jul 2026 18:05:53
पटना एयरपाेर्ट पर नीतीन नवीन का स्वागत करते संजय सरावगी


-एयरपोर्ट पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने किया स्वागत

पटना, 25 जुलाई (हि.स.)। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। 30 जुलाई को होने वाले मतदान से पहले सभी दल चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी चुनावी अभियान को धार देने के लिए अपने वरिष्ठ नेताओं को मैदान में उतार दिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा पहले से ही चुनाव प्रचार में सक्रिय हैं। इसी क्रम में शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी पटना पहुंचे।

पटना एयरपोर्ट पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने नितिन नवीन का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर चुनाव प्रचार की तैयारियों और रणनीति की समीक्षा की। बैठक में बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क अभियान, प्रचार की गति तथा मतदान तक की चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार शाम छह बजे बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के मंदिरी नाला (गोलघर मंडल) में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। सभा में वह राज्य सरकार की उपलब्धियों, विकास योजनाओं और एनडीए सरकार की नीतियों को जनता के सामने रखेंगे। साथ ही मतदाताओं से एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील करेंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा भी शनिवार को बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कई जनसंपर्क और संवाद कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वह विभिन्न वर्गों के लोगों से मुलाकात कर भाजपा और एनडीए सरकार की नीतियों तथा विकास कार्यों की जानकारी देंगे।

उनके कार्यक्रमों में अन्नपूर्णा भवन में सार्वजनिक बैठक, रोटरी भवन में प्रबुद्धजनों के साथ संवाद, गौतम नगर स्थित पल्स पैलेस में महिला संवाद कार्यक्रम, कच्ची तालाब क्षेत्र में जनसभा तथा मीठापुर में समाज के प्रबुद्ध लोगों के साथ बैठक शामिल है।

भाजपा नेतृत्व का मानना है कि वरिष्ठ नेताओं की सक्रियता से चुनाव प्रचार को और गति मिलेगी तथा पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार होगा। मतदान की तिथि नजदीक आने के साथ ही बांकीपुर उपचुनाव का चुनावी अभियान अब निर्णायक दौर में प्रवेश कर चुका है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Powered By Sangraha 9.0