इंडोनेशिया से डिपोर्ट कर पंजाब लाया गया गैंगस्टर जोबन बिल्ला

25 Jul 2026 16:21:53

चंडीगढ़, 25 जुलाई (हि.स.)। पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने फरार गैंगस्टर जोबनजीत सिंह उर्फ जोबन बिल्ला को इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से डिपोर्ट कराकर भारत लाने में सफलता हासिल की है। पुलिस इसे अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कामयाबी मान रही है।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि एजीटीएफ ने ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्राडिशन सेल पंजाब और केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से इस कार्रवाई को अंजाम दिया। यह अभियान करीब छह महीने तक चला और इसे ऑपरेशन नोमैड हंट नाम दिया गया था।

अमृतसर ग्रामीण के अर्जन मंगा गांव का रहने वाला जोबन बिल्ला बंबीहा गैंग का सक्रिय सदस्य बताया गया है। पुलिस के अनुसार वह नशा तस्करी, फिरौती मांगने और गैंग के सदस्यों को लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध कराने जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।

जोबन बिल्ला पंजाब में दर्ज चार हत्या के मामलों में वांछित है। इनमें 13 वर्षीय बच्चे की हत्या का मामला भी शामिल है। इसके अलावा उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत भी मामले दर्ज हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, जोबन बिल्ला का नाम 10 से अधिक एफआईआर में दर्ज है। उस पर वर्ष 2023 में सठियाला गांव में जरनैल सिंह की हत्या में शामिल होने का भी आरोप है। इसके अलावा वह अपने भाई गुरविंदर सिंह के साथ मिलकर अमृतसर के ग्रामीण इलाकों में व्यापारियों और दुकानदारों से लाखों रुपये की फिरौती मांगता था। पैसे नहीं देने पर गोली चलाने की धमकियां भी दी जाती थीं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के लिए वह दुबई सहित कई अन्य देशों से अपना नेटवर्क चला रहा था। लगातार निगरानी और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के बीच समन्वय के बाद उसे जकार्ता से डिपोर्ट कराया गया। अब पंजाब पुलिस उससे पूछताछ कर उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाएगी।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

Powered By Sangraha 9.0