पश्चिम बंगाल को मिलेगा नया विधानसभा भवन, न्यू टाउन में 40 एकड़ भूमि पर होगा निर्माण

25 Jul 2026 21:24:53
शुभेंदु अधिकारी


- मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के प्रस्ताव पर स्पीकर ने की घोषणा, भविष्य में सीटों की संख्या बढ़ने को बताया प्रमुख कारण

कोलकाता, 25 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल को जल्द ही नया विधानसभा भवन मिलेगा। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को विधानसभा अध्यक्ष रथींद्रनाथ बोस के समक्ष नए विधानसभा भवन के निर्माण का प्रस्ताव रखा, जिसे स्वीकार करते हुए अध्यक्ष ने घोषणा की कि न्यू टाउन में 40 एकड़ भूमि पर अत्याधुनिक विधानसभा भवन का निर्माण किया जाएगा।

यह घोषणा राज्य विधानसभा के बजट सत्र के अंतिम दिन शनिवार को की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में परिसीमन और महिला आरक्षण लागू होने के बाद विधानसभा की वर्तमान 294 सदस्यीय क्षमता बढ़कर 400 से अधिक हो सकती है। ऐसे में मौजूदा विधानसभा भवन पर्याप्त नहीं रहेगा। उन्होंने अध्यक्ष से प्रस्तावित भूमि का सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के साथ निरीक्षण कर निर्माण की प्रारंभिक योजना तैयार करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि नए भवन के निर्माण में वित्तीय संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और सरकार इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाएगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वर्तमान विधानसभा भवन का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व बना रहेगा। स्वतंत्रता से पहले निर्मित यह भवन पश्चिम बंगाल की संसदीय परंपरा का महत्वपूर्ण साक्षी रहा है। उन्होंने संकेत दिया कि नए भवन के तैयार होने के बाद भी वर्तमान भवन की विरासत को सुरक्षित रखते हुए उसके उपयोग पर सरकार अलग से निर्णय लेगी।

कोविड-19 महामारी के दौरान विधानसभा की कार्यवाही का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उस समय शारीरिक दूरी बनाए रखने के लिए विधायकों को दर्शक दीर्घा तक में बैठाना पड़ा था। इससे स्पष्ट हो गया कि भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए बड़े और आधुनिक विधानसभा भवन की जरूरत है।

मुख्यमंत्री ने विधानसभा परिसर के आधुनिकीकरण पर भी जोर दिया। उन्होंने विधायक आवास के विकास, विधानसभा में आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक मतदान प्रणाली स्थापित करने, बेहतर कैंटीन की व्यवस्था और सदन की कार्यवाही के दौरान मंत्रियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Powered By Sangraha 9.0