रूस-यूक्रेन संघर्ष तेज: पर्यटक शिविर पर हमले में 11 की मौत का रूस का दावा, यूक्रेन ने तेल प्रतिष्ठानों को बनाया निशाना

25 Jul 2026 22:40:53

मॉस्को/कीव, 25 जुलाई (हि.स.)। रूस और यूक्रेन में जारी युद्ध के बीच शनिवार को दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर नए हमलों के दावे किए। रूस ने आरोप लगाया कि यूक्रेन के हमले में उसके नियंत्रण वाले जापोरिज्जिया क्षेत्र के एक पर्यटक शिविर में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि यूक्रेन ने दावा किया कि उसने रूस के तेल प्रतिष्ठानों और सैन्य रसद से जुड़े लक्ष्यों पर सफल ड्रोन हमले किए हैं।

रूस द्वारा नियुक्त जापोरिज्जिया क्षेत्र के गवर्नर येवगेनी बालित्स्की ने कहा कि आज़ोव सागर तट के निकट स्थित किरिलिव्का रिसॉर्ट क्षेत्र में हुए हमले में चार बच्चों सहित 11 लोगों की जान गई और 16 अन्य घायल हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि हमला जानबूझकर नागरिकों को निशाना बनाकर किया गया। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और यूक्रेन की ओर से इस संबंध में तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

दूसरी ओर, यूक्रेन की सुरक्षा एजेंसी (एसबीयू) ने दावा किया कि उसके ड्रोन ने कैस्पियन सागर में रूस के फिलानोव्स्की तेल प्लेटफॉर्म तथा साइबेरिया के त्यूमेन क्षेत्र स्थित एक तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया। स्थानीय रूसी अधिकारियों ने रिफाइनरी में आग लगने की पुष्टि की, हालांकि उत्पादन प्रभावित होने संबंधी कोई जानकारी नहीं दी।

यूक्रेन ने यह भी दावा किया कि उसके ड्रोन ने कैस्पियन सागर में पोर्ट ओल्या-2 और बेगेय नामक दो मालवाहक जहाजों पर हमला किया। यूक्रेन का आरोप है कि इन जहाजों का उपयोग रूस और ईरान के बीच सैन्य सामग्री के परिवहन में किया जा रहा था। इस दावे पर रूस की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई।

उधर, रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसके ड्रोन ने काला सागर में यूक्रेनी सेना के लिए सैन्य सामग्री लेकर जा रहे एक मालवाहक जहाज को निशाना बनाया। मंत्रालय ने यह भी दावा किया कि उसने यूक्रेन के रसद केंद्रों, लंबी दूरी के ड्रोन उत्पादन एवं भंडारण स्थलों, ऊर्जा प्रतिष्ठानों, परिवहन नेटवर्क और बंदरगाह संबंधी बुनियादी ढांचे पर भी हमले किए हैं।

उल्लेखनीय है कि फरवरी 2022 में शुरू हुए युद्ध के बाद से दोनों पक्ष लगातार एक-दूसरे पर नागरिक क्षेत्रों को निशाना बनाने के आरोप लगाते रहे हैं। हाल के महीनों में ऊर्जा प्रतिष्ठानों, बंदरगाहों और सैन्य आपूर्ति मार्गों पर बढ़ते हमले संघर्ष के नए स्वरूप को दर्शाते हैं।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0