ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों के उद्घाटन समारोह की पीटी उषा ने की सराहना, कहा- भारत जीतेगा कई पदक

26 Jul 2026 00:27:53
भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा (फाइल फोटो)


ग्लासगो, 25 जुलाई (हि.स.)। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा ने ग्लासगो 2026 राष्ट्रमंडल खेलों के उद्घाटन समारोह की सराहना करते हुए कहा कि आयोजन समिति ने सभी खिलाड़ियों का सम्मानपूर्वक स्वागत किया और प्रतियोगिता की शानदार शुरुआत सुनिश्चित की। उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय दल इस बार विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अच्छी संख्या में पदक जीतेगा।

पीटी उषा ने कहा कि उद्घाटन समारोह का आयोजन बेहद प्रभावशाली रहा और खिलाड़ियों को जिस सम्मान के साथ मंच प्रदान किया गया, वह सभी प्रतिभागियों के लिए यादगार अनुभव रहा। उन्होंने ग्लासगो आयोजन समिति की तैयारियों और मेहमाननवाजी की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे खिलाड़ियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ है।

आईओए अध्यक्ष ने भारतीय दल की तैयारियों पर भरोसा जताते हुए कहा कि टीम में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल हैं, जो विभिन्न स्पर्धाओं में देश के लिए पदक जीतने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के लिए कड़ी मेहनत की है और उन्हें विश्वास है कि भारत का प्रदर्शन प्रभावशाली रहेगा।

पीटी उषा ने भारत के लिए प्रतियोगिता का पहला पदक जीतने वाले पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि पुरुष हैवीवेट वर्ग में कांस्य पदक जीतकर झंडू कुमार ने भारतीय अभियान की प्रेरणादायक शुरुआत की है। उनके अनुसार, यह उपलब्धि पूरे भारतीय दल का मनोबल बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उल्लेखनीय है कि भारत ने ग्लासगो 2026 राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल सभी 10 खेलों में मजबूत दल उतारा है। इनमें कई ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता खिलाड़ी भी शामिल हैं, जिनसे देश को पदकों की उम्मीद है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0