समाज के अंतिम श्रमिक तक न्याय, सुरक्षा और सम्मान पहुंचाना ही संगठन का ध्येय: सुरेन्द्र

युगवार्ता    26-Jul-2026
Total Views |
बैठक की तस्वीर


बैठक की तस्वीर


- भारतीय मजदूर संघ की तीन दिवसीय अखिल भारतीय कार्यसमिति की बैठक शुरू

रांची, 26 जुलाई (हि.स.)। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) की तीन दिवसीय अखिल भारतीय कार्य समिति बैठक की शुरुआत महिलोंग स्थित सरला बिरला विश्वविद्यालय के सभागार में रविवार को हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन के अध्यक्ष एस. मल्लेशम, महामंत्री सुरेंद्र कुमार पांडे और भारतीय मजदूर संघ के पालक अधिकारी वी. भग्गया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

उद्घाटन सत्र में अध्यक्ष एस. मल्लेशम ने कहा कि विश्व का श्रम जगत तीव्र परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डिजिटलीकरण, गिग और प्लेटफॉर्म अर्थव्यवस्था, उत्पादन प्रणालियों में बदलाव तथा वैश्विक आर्थिक चुनौतियां श्रमिक जगत के सामने नए प्रश्न खड़े कर रही हैं। ऐसे समय में भारतीय मजदूर संघ की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है।

वहीं, महामंत्री सुरेंद्र कुमार पांडे ने कहा कि दत्तोपंत ठेंगड़ी कहा करते थे कि न्याय की पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति की सहायता करना ही अंत्योदय है। यह केवल एक विचार नहीं, बल्कि भारतीय मजदूर संघ की कार्यदिशा है। समाज के अंतिम श्रमिक तक न्याय, सुरक्षा और सम्मान पहुंचाना ही संगठन का ध्येय है।

तीन दिवसीय कार्यसमिति बैठक में देश के सभी राज्यों और महासंघों से लगभग 150 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। तीन दिनों के इस कार्यक्रम में मजदूरों से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रस्ताव लाए जाएंगे। नए लेबर कोड को लेकर मजदूरों की स्थिति का मूल्यांकन करते हुए उस पर भी प्रस्ताव पारित किए जाएंगे।

कार्यसमिति बैठक के शुभारंभ पर अतिथियों का स्वागत प्रदेश अध्यक्ष बलिराम यादव, प्रदेश महामंत्री राजीव रंजन सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष चंदन कुमार प्रसाद और प्रदेश के अन्य पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने किया।

इस मौके पर राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा, सुनील कुमार, अंगद उपाध्याय, रमाशंकर प्रसाद, सुबोध कुमार यादव, शिवकुमार सिंह, अवधेश राय, धर्मजीत चौधरी, उमेश सिंह, मुरारी तांती, प्रभात रंजन, नीरज तिवारी, सुनील कुमार पांडेय, रविंद्र कुमार मिश्रा, संतोष कुमार साहू, दिलीप कुमार, अखिलेश मिश्रा, विक्रम सिंह, ब्रजकिशोर राम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Tags