तनाव के बीच कूटनीति को प्राथमिकता, अमेरिका ने हमले रोके तो ईरान की जवाबी कार्रवाई भी थमी

26 Jul 2026 19:43:53

वॉशिंगटन/तेहरान, 26 जुलाई (हि.स.)। अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच कूटनीतिक समाधान की संभावनाएं मजबूत होती दिख रही हैं। संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका के राजदूत माइक वाल्ट्ज ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ संभावित वार्ता के लिए सैन्य कार्रवाई पर फिलहाल विराम लगाया है, ताकि बातचीत को आगे बढ़ाने का अवसर मिले।

फॉक्स न्यूज से बातचीत में वाल्ट्ज ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप बातचीत के लिए कुछ समय और अवसर देना चाहते हैं। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि संभावित वार्ता किस स्तर या किन मुद्दों पर हो रही है।

इस बीच, सप्ताहांत के दौरान अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य गतिविधियों में कमी देखने को मिली। अमेरिकी रक्षा विभाग (पेंटागन) ने लगातार कई दिनों तक चले हवाई हमलों के बाद बमबारी अभियान रोक दिया। वहीं, सप्ताहांत में ईरान की ओर से भी पड़ोसी देशों या क्षेत्र में अमेरिकी हितों पर किसी नए हमले की सूचना सामने नहीं आई।

ट्रंप प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रपति की पहली प्राथमिकता हमेशा कूटनीतिक समाधान रही है। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने ईरान को यह भी स्पष्ट कर दिया है कि यदि वह गंभीरता के साथ बातचीत के लिए आगे नहीं आता तो उसे इसके परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।

उधर, ईरान ने भी संकेत दिए हैं कि उसने अपनी जवाबी सैन्य कार्रवाई फिलहाल रोक दी है। ईरानी सेना के प्रवक्ता मोहम्मद अकरामिनिया ने कहा कि अमेरिका की ओर से लगातार दो रात तक कोई हमला नहीं होने के बाद ईरान ने भी खाड़ी क्षेत्र और अमेरिकी हितों के खिलाफ अपनी जवाबी कार्रवाई स्थगित कर दी है। उन्होंने कहा कि ईरान की रणनीति हमेशा जवाबी कार्रवाई की रही है और मौजूदा परिस्थितियों में उसने सैन्य प्रतिक्रिया रोकने का निर्णय लिया है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0