अमरनाथ यात्रा: 25 दिनों में 4.26 लाख तीर्थयात्रियों ने पवित्र गुफा मंदिर में किए दर्शन

27 Jul 2026 23:13:53

जम्मू, 27 जुलाई (हि.स.)।

मरम्मत और रखरखाव के कारण पहलगाम रूट के अस्थायी रूप से बंद रहने के बावजूद सोमवार को बालटाल रूट से सालाना श्री अमरनाथ यात्रा सुचारू रूप से जारी रही।

यात्रा के पहले 25 दिनों में पवित्र गुफा मंदिर में दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों की कुल संख्या 4,26,339 हो गई है।

मौजूद आधिकारिक आंकड़ों अनुसार सोमवार को 11,996 तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए। यात्रा करने वालों में 7,714 पुरुष तीर्थयात्री, 3,675 महिला तीर्थयात्री, 247 बच्चे, 76 साधु, तीन साध्वियां, दो ट्रांसजेंडर श्रद्धालु और 279 सुरक्षाकर्मी शामिल थे।

इस बीच तीर्थयात्रियों का 20वां जत्था सोमवार तड़के कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से बालटाल बेस कैंप के लिए रवाना हुआ और कश्मीर पहुंचा

140 वाहनों का काफिला—जिसमें 82 बसें, 20 मीडियम मोटर वाहन, और 38 लाइट मोटर वाहन शामिल थे—सुबह 2:47 बजे रवाना हुआ। इस जत्थे में 3,823 तीर्थयात्री शामिल थे जिनमें 2,882 पुरुष, 838 महिलाएं, दो बच्चे, 84 साधु और 17 साध्वियां थीं।

पहलगाम रूट के रखरखाव के कारण बंद होने की वजह से किसी भी तीर्थयात्री को उस रास्ते से यात्रा करने की इजाजत नहीं दी गई।।

अधिकारियों ने बताया कि यात्रा शुरू होने के बाद से जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से रवाना होने वाले तीर्थयात्रियों की कुल संख्या 1,27,326 तक पहुंच गई है। प्रशासन ने मरम्मत और रखरखाव के काम के लिए पहलगाम रूट पर आवाजाही को अस्थायी रूप से रोक दिया है जबकि बालटाल रूट से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यात्रा बिना किसी रुकावट के जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Powered By Sangraha 9.0