
पटना, 27 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को कहा कि बांकीपुर की जनता ने जिस उत्साह और आत्मीयता के साथ एनडीए के प्रति अपना समर्थन और आशीर्वाद दिया है, वह इस बात का स्पष्ट संकेत है कि 30 जुलाई को बांकीपुर एक नया चुनावी कीर्तिमान स्थापित करेगा। वे बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के क्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को रोड शो के उपरांत आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पूरे रोड शो के दौरान जनता का अपार स्नेह और विश्वास यह साबित करता है कि बांकीपुर विकास, सुशासन और जनसेवा की राजनीति के साथ मजबूती से खड़ा है।
नितिन नवीन ने भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा का परिचय एक जमीनी कार्यकर्ता के रूप में देते हुए कहा कि उन्होंने बूथ अध्यक्ष से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की और आज पार्टी ने उन्हें उनकी मेहनत, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा के आधार पर उम्मीदवार बनाया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ही वह दल है जहां एक सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत के बल पर शीर्ष तक पहुंच सकता है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वह कमल के निशान पर मतदान कर नीरज सिन्हा को भारी मतों से विजयी बनाकर कार्यकर्ता आधारित राजनीति को और मजबूत करें।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग अहंकार, धनबल और बाहुबल के सहारे राजनीति करने के आदी रहे हैं, जबकि भाजपा ने हमेशा सेवा, संस्कार और संगठन की ताकत को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर किसी का किला नहीं बल्कि उनका परिवार है और इस परिवार का विश्वास कोई नहीं तोड़ सकता।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने बिहार को जंगलराज, भय और अव्यवस्था दी, वे आज विकास की बात कर रहे हैं, लेकिन जनता उनके अतीत को भुलाने वाली नहीं है।
नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और एनडीए सरकार की विकासवादी सोच के कारण आज पटना का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। डबल डेकर ब्रिज, आधुनिक सड़कें, नालों पर सड़क निर्माण, बिजली, पेयजल, सामुदायिक भवनों का निर्माण तथा मोहल्लों तक पहुंची आधारभूत सुविधाएं विकास की जीवंत तस्वीर हैं।
उन्होंने कहा कि मीठापुर, चांदपुर बेला, सिपारा, बोरिंग रोड, बाकरगंज, सैदपुर, आनंदपुरी और कुरजी सहित पूरे क्षेत्र में विकास कार्यों ने लोगों के जीवन को आसान बनाया है।
उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने केवल वादे नहीं किए बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर दिखाया है।
महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज जीविका समूहों की लाखों महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और समाज के विकास में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने कहा कि जो लोग महिलाओं के सम्मान पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हैं, उन्हें बांकीपुर और बिहार की जनता लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा बिहार में एनडीए सरकार विकास के संकल्प को आगे बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, एनडीए के सभी सहयोगी दलों और कार्यकर्ताओं के संयुक्त प्रयास से बिहार विकास के नए युग की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने बांकीपुर की जनता से 30 जुलाई को कमल के निशान पर मतदान कर भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि यह जीत बांकीपुर को राज्य की आदर्श विधानसभा बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगी।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद रविशंकर प्रसाद, मंत्री रामकृपाल यादव, संतोष सुमन, अरुण शंकर, लोजपा (रा.) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, आरएलएम के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह, विधायक संजीव चौरसिया, संजय गुप्ता, कृष्ण कुमार मंटू, छोटी कुमारी, सिद्धार्थ सौरभ, डॉ. सियाराम सिंह, विधान परिषद सदस्य हरीश सोनी, उमाशंकर सिंह, जिला अध्यक्ष रूपनारायण मेहता, प्रदेश महामंत्री सरोज रंजन पटेल सहित एनडीए के सभी घटक दलों के नेता, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में बांकीपुर के नागरिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त