हूती विद्रोहियों का दावा- सऊदी अरब के तेल आपूर्ति नेटवर्क को बनाया निशाना

27 Jul 2026 21:03:53

सना/रियाद, 27 जुलाई (हि.स.)। यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने सोमवार को दावा किया कि उन्होंने सऊदी अरब के पूर्वी तेल क्षेत्रों को लाल सागर स्थित यानबू निर्यात केंद्र से जोड़ने वाले कच्चे तेल की आपूर्ति और परिवहन नेटवर्क से जुड़े कई संवेदनशील ठिकानों को निशाना बनाया है।

हूती संगठन के सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने कहा कि यह कार्रवाई सऊदी अरब द्वारा यमन के हवाई क्षेत्र में कथित ड्रोन गतिविधियों के जवाब में की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सऊदी ड्रोन लगातार यमन के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन कर रहे हैं।

उधर, सऊदी अरब की सरकारी तेल कंपनी अरामको ने इस दावे पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।

उल्लेखनीय है कि हाल के महीनों में होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ते सुरक्षा जोखिमों के कारण सऊदी अरब अपने पूर्वी तेल क्षेत्रों से कच्चे तेल को पूर्व-पश्चिम पाइपलाइन के जरिए लाल सागर के यानबू बंदरगाह तक पहुंचा रहा है, ताकि तेल निर्यात सुचारु रूप से जारी रह सके।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0