आईएएस केशव चंद्र ने संभाला खान सचिव का पदभार

27 Jul 2026 15:37:53
केशव चंद्र का फाइल फोटो


नई दिल्ली, 27 जुलाई (हि.स.)। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वरिष्ठ अधिकारी केशव चंद्र ने सोमवार को भारत सरकार के खान सचिव का पदभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने से पहले वह नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के अध्यक्ष (चेयरमैन) के रूप में कार्यरत थे।

खान मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, केशव चंद्र अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश (एजीएमयूटी) कैडर के 1995 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने पीयूष गोयल का स्थान लिया है, जिन्हें राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) का महासचिव नियुक्त किया गया है।

पदभार संभालने के तुरंत बाद केशव चंद्र ने मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मंत्रालय की प्रमुख योजनाओं, चल रही गतिविधियों और विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें मंत्रालय की प्रमुख पहलों और उनके क्रियान्वयन की वर्तमान स्थिति से विस्तार से अवगत कराया।

मंत्रालय के अनुसार, केशव चंद्र ने देश के खनिज क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने के लिए समन्वित प्रयासों और मंत्रालय की प्रमुख पहलों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने खनिज अन्वेषण, खनिज ब्लॉकों की नीलामी एवं परिचालन, महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिजों के विकास तथा खनन एवं खनिज क्षेत्र से जुड़े अन्य प्रमुख विषयों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने इन क्षेत्रों में समयबद्ध और प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0