ट्रंप से मुलाकात में ईरान होगा सबसे बड़ा मुद्दा: नेतन्याहू

27 Jul 2026 21:52:53
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (फाइल फोटो)


यरुशलम, 27 जुलाई (हि.स.)। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिका रवाना होने से पहले कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ होने वाली उनकी बैठक में ईरान सबसे प्रमुख मुद्दा होगा। उन्होंने कहा कि मौजूदा क्षेत्रीय परिस्थितियों में इजराइल की सुरक्षा सुनिश्चित करना और शांति के दायरे का विस्तार करना उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

दक्षिणी इजराइल के नेवातिम एयरबेस से वॉशिंगटन रवाना होते समय नेतन्याहू ने कहा कि ट्रंप के साथ होने वाली बातचीत उनके लिए बड़ा सम्मान और बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, इन जटिल परिस्थितियों में दृढ़ संकल्प और विवेक के साथ आगे बढ़ना आवश्यक है।

नेतन्याहू ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर भी लिखा कि उनकी सरकार का उद्देश्य इजराइल की सुरक्षा को मजबूत करना और क्षेत्र में शांति के दायरे का विस्तार करना है। उन्होंने कहा कि दोनों नेता विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे, जिनमें ईरान सबसे महत्वपूर्ण विषय रहेगा।

यह राष्ट्रपति ट्रंप के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत के बाद वॉशिंगटन में दोनों नेताओं की सातवीं मुलाकात होगी। यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब हाल ही में अमेरिका द्वारा ईरान पर सैन्य हमले और उसके बाद ईरान की ओर से अमेरिकी सहयोगी अरब एवं खाड़ी देशों पर जवाबी कार्रवाई के कारण पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा है।

अपने अमेरिका दौरे के दौरान नेतन्याहू अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम के अंतिम संस्कार में भी शामिल होंगे। उन्होंने ग्राहम को इजराइल का सबसे करीबी मित्रों में से एक बताया है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0