जौनपुर के आशीष सोनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से किया वर्चुअल संवाद, विश्व के सबसे ऊंचे डाकघर 'हिक्किम' का साझा किया अनुभव

27 Jul 2026 00:02:53
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से जौनपुर से बात करते हुए आशीष सोनी


जौनपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर के बदलापुर ब्लॉक निवासी युवा छात्र आशीष सोनी ने रविवार को एक विशेष वर्चुअल संवाद कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधे बातचीत कर जनपद का गौरव बढ़ाया। यह अवसर उन्हें युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अधीन स्वायत्त संस्था 'मेरा युवा भारत' द्वारा गृह मंत्रालय और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के सहयोग से आयोजित 'विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम' के तहत मिला।

देशभर से आयोजित इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम के लिए लगभग 2.7 लाख युवाओं ने क्विज प्रतियोगिता में भाग लिया था, जिनमें से केवल 403 प्रतिभागियों का चयन किया गया। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद का प्रतिनिधित्व करने वाले आशीष सोनी भी इन चुनिंदा युवाओं में शामिल रहे जो इंटरमीडिएट के छात्र हैं। प्रतियोगिता में चयन होने के पश्चात आशीष की इच्छानुसार सरकारी कार्यक्रम तहत उन्होंने हिमाचल प्रदेश का दौरा किया। इस दौरान हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति की स्पीति घाटी स्थित काजा खास गांव में रहकर सीमावर्ती क्षेत्रों के जनजीवन, संस्कृति और विकास कार्यों का अनुभव प्राप्त किया।

वर्चुअल संवाद के दौरान आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आशीष से विश्व के सबसे ऊंचे डाकघर हिक्किम के अनुभव के बारे में जानकारी ली। आशीष ने बताया कि उन्होंने इसी डाकघर से प्रधानमंत्री के नाम एक पत्र भेजा था। उन्होंने यह भी बताया कि समुद्र तल से 15 हजार फीट से अधिक ऊंचाई पर स्थित इस दुर्गम क्षेत्र में भी क्यूआर कोड आधारित डिजिटल भुगतान प्रणाली पूरी तरह सक्रिय है, जो डिजिटल इंडिया अभियान की सफलता का प्रमाण है।

आशीष ने प्रधानमंत्री को स्वयं सहायता समूहों के साथ किए गए कार्यों तथा ग्रामीणों को दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के अपने अनुभव भी साझा किए। उन्होंने चिचम पुल के निर्माण से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों और विशेष रूप से रात्रिकालीन पर्यटन को मिले बढ़ावा का भी उल्लेख किया, जिसकी प्रधानमंत्री ने सराहना की।

संवाद के बाद आशीष सोनी ने कहा कि प्रधानमंत्री से सीधे बातचीत करना उनके जीवन का अविस्मरणीय क्षण है। उन्होंने कहा कि यह अनुभव उन्हें राष्ट्र निर्माण और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास में सक्रिय योगदान देने के लिए निरंतर प्रेरित करता रहेगा। 'मेरा युवा भारत' का यह कार्यक्रम युवाओं को 'विकसित भारत @2047' के संकल्प से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

यह विशेष वर्चुअल संवाद कार्यक्रम जौनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित एनआईसी (राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र) में आयोजित हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Powered By Sangraha 9.0