मणिपुर में 29 हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद, 2.5 किलो संदिग्ध ब्राउन शुगर संग एक गिरफ्तार

युगवार्ता    27-Jul-2026
Total Views |
Image of the 29 Firearms and Large Cache of Ammunition Recovered in Manipur.


Image of the Arrested Accused with Brown Sugar Worth 2.5 kg.


इंफाल, 27 जुलाई (हि.स.)। मणिपुर पुलिस और सुरक्षा बलों ने इंफाल पूर्व जिले में संयुक्त अभियान चलाकर 29 हथियारों, भारी मात्रा में गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। वहीं, चुराचांदपुर जिले में अलग कार्रवाई के दौरान 2.5 किलो संदिग्ध ब्राउन शुगर के साथ एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस मुख्यालय ने साेमवार काे आधिकारिक बयान में बताया कि, रविवार शाम लगभग 6:15 बजे वाखा चिंग क्षेत्र में सशस्त्र बदमाशों की मौजूदगी की विश्वसनीय सूचना मिलने पर 6वीं इंडिया रिजर्व बटालियन (आईआरबी) और स्पेशल कमांडो यूनिट की टीम ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व 6वीं आईआरबी के कमांडेंट एवं स्पेशल कमांडो यूनिट के प्रभारी डॉ. एस. इबोमचा सिंह (आईपीएस) ने किया।

तलाशी के दौरान वाखा हिल स्थित शेलोई लांगमाई कॉम्पोजिट फार्म के सामने जंगल से चार संदिग्ध प्लास्टिक बैग बरामद किए गए। इनमें पांच एसएलआर राइफल, चार इंसास राइफल, दो एके घातक राइफल, एक इंसास एलएमजी, छह .303 राइफल, तीन डबल बैरल बंदूक, सात सिंगल बैरल बंदूक तथा एक पंप एक्शन गन सहित कुल 29 हथियार मिले।

इसके अलावा एक लाथोड बम, .303 राइफल के 530 जीवित कारतूस, 7.62 एसएलआर के 64 कारतूस, इंसास के 19 कारतूस, 5.56 कार्बाइन के छह कारतूस, 40 ड्रिल कारतूस तथा .303 राइफल के 17 चार्जर भी बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है।

एक अन्य कार्रवाई में मणिपुर पुलिस ने चुराचांदपुर जिले के तुइबोंग क्षेत्र से लेटमिंटगंग हाओलाई (33) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 2.5 किलो संदिग्ध ब्राउन शुगर और एक दोपहिया वाहन बरामद किया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Tags