नेपाल में सुनसरी के हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में सेना तैनात

27 Jul 2026 17:30:53
सुनसरी में आर्मी को तैनात किया गया


काठमांडू, 27 जुलाई (हि.स.)। नेपाल के सीमावर्ती जिला सुनसरी के देवानगंज में सांप्रदायिक हिंसा के बाद लागू निषेधाज्ञा का उल्लंघन करते हुए प्रदर्शनकारियों ने आगजनी और तोड़फोड़ शुरू कर दी जिसके बाद प्रभावित क्षेत्रों में सेना तैनात कर दिया गया है।

जिला प्रशासन के अनुसार, स्थिति नियंत्रण से बाहर होने के कारण सेना बुलाई गई। बख्तरबंद गाड़ियों और अत्याधुनिक हथियारों से लैस सेना की टुकड़ी के मैदान में उतरने के बाद ही तनावग्रस्त इलाके की स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रण में आई। सुनसरी के मुख्य जिला अधिकारी वासुदेव घिमिरे के मुताबिक सोमवार सुबह से ही निषेधाज्ञा का उल्लंघन कर सड़कों पर उतरी भीड़ ने टायर जलाकर प्रदर्शन किया, जिससे स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई थी।

नेपाल पुलिस और सशस्त्र प्रहरी बल की बड़ी टुकड़ी तैनात होने के बावजूद जब बढ़ती भीड़ को संभालना मुश्किल हो गया, तो सेना की मदद लेनी पड़ी।

जिला प्रशासन कार्यालय सुनसरी ने बताया कि बख्तरबंद गाड़ियों के साथ सेना का सशस्त्र दस्ता कप्तानगंज पहुंचकर मैदान में उतरा, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों को खदेड़ना शुरू किया गया।

सेना के पहुंचने से पहले ही प्रदर्शनकारी पांच दुकानों में तोड़फोड़ और आगजनी कर चुके थे। पुलिस के अनुसार एक मेडिकल स्टोर, एक मोटरसाइकिल गैरेज और तीन किराना दुकानों में तोड़फोड़ की गई तथा अंदर रखा सामान सड़क पर निकालकर आग के हवाले कर दिया गया।

उल्लेखनीय है कि बीती रात सुनसरी के देवानगंज में मुस्लिम समुदाय के द्वारा हिंदू कांवड़ियों के जत्थे पर हमला करने के बाद प्रतिकार में उतरे हिंदू समुदाय पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग के बाद तनाव बढ़ गया था। पुलिस की गोली लगने से एक प्रदर्शनकारी की मौत हो गई थी, जबकि सुरक्षाकर्मियों समेत 22 लोग घायल हुए थे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0