हंगामे के कारण राज्यसभा में नहीं हो सकी वंदेमातरम से जुड़े विधेयक पर चर्चा

27 Jul 2026 19:45:53
राज्य सभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन


नई दिल्ली, 27 जुलाई (हि.स.)। राज्यसभा में सोमवार को भी व्यवधान जारी रहा और इसके चलते राष्ट्रीय सम्मान का अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक, 2026 पर चर्चा शुरू नहीं हो सकी।

कार्यवाही शुरू होने पर उपसभापति हरिवंश ने विधेयक पर चर्चा कराने की कोशिश की, लेकिन विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी जारी रही।

पहले सुबह ग्यारह बजे कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा शुरू हो गया। जिसके बाद सदन की कार्रवाही पहले 12 बजे तक फिर दो बजे तक और फिर शाम 5.15 मिनट तक स्थगित कर दिया गया। शाम को भी हंगामा नहीं थमा।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों से सदन की कार्यवाही चलने देने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संसद के बाहर बोलने का अवसर नहीं मिलने की शिकायत करती है, जबकि सदन के भीतर चर्चा होने नहीं दे रही है। उन्होंने विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे से निर्धारित एजेंडे के अनुसार चर्चा आगे बढ़ाने का आग्रह किया औरो विपक्ष के रवैये की आलोचना की।

इस पर मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि विपक्ष चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को दिल्ली में प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग के मुद्दे पर सदन में बयान देना चाहिए।

सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नारेबाजी के चलते सदन में हंगामा बढ़ गया। इसके बाद उपसभापति हरिवंश ने राज्यसभा की कार्यवाही मंगलवार, 28 जुलाई 2026 को सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0