बिहार कैडर के आईएएस दिवेश सेहरा केंद्र में संयुक्त सचिव नियुक्त, वित्तीय सेवाएं विभाग में संभालेंगे जिम्मेदारी

28 Jul 2026 16:02:53

पटना, 28 जुलाई (हि.स.)। बिहार कैडर के 2005 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी दिवेश सेहरा को केंद्र सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के अंतर्गत वित्तीय सेवाएं विभाग (डिपार्टमेंट ऑफ फाइनेंशियल सर्विसेज), नई दिल्ली में संयुक्त सचिव के पद पर नियुक्त किया गया है। इस संबंध में बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने अधिसूचना जारी कर उन्हें तत्काल प्रभाव से विरमित कर दिया है।

सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से मंगलवार को जारी अधिसूचना (संख्या-1/पी०-2004/2026-सा०प्र०-13658) के अनुसार, राज्यपाल के आदेश से यह निर्णय प्रभावी किया गया है। विभाग के अवर सचिव सिद्धेश्वर चौधरी द्वारा जारी अधिसूचना में दिवेश सेहरा को तत्काल प्रभाव से वर्तमान पद से कार्यमुक्त करते हुए केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर नई जिम्मेदारी ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है।

दिवेश सेहरा वर्तमान में बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग में सचिव के पद पर कार्यरत थे। इसके साथ ही उनके पास सामान्य प्रशासन विभाग के अंतर्गत जांच आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी था। अपने प्रशासनिक कार्यकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं और प्रशासनिक दक्षता के लिए पहचान बनाई है।

राज्य सरकार में लंबे प्रशासनिक अनुभव के आधार पर केंद्र सरकार ने उन्हें वित्तीय सेवाएं विभाग जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालय में संयुक्त सचिव का दायित्व सौंपा है। माना जा रहा है कि वित्तीय क्षेत्र से जुड़े नीतिगत और प्रशासनिक मामलों में उनके अनुभव का लाभ केंद्र सरकार को मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Powered By Sangraha 9.0