ओडिशा में भारी बारिश का कहर, बालेश्वर में सर्वाधिक 246.6 मिमी वर्षा दर्ज

28 Jul 2026 14:45:53

भुवनेश्वर, 28 जुलाई (हि.स.)। ओडिशा के कई जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान भारी से अत्यंत भारी वर्षा दर्ज की गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में लगातार तेज बारिश होती रही।

मौसम विज्ञान केंद्र, भुवनेश्वर द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक बालेश्वर जिला सबसे अधिक प्रभावित रहा, जहां 246.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा नीलगिरि में 239.0 मिमी, जाजपुर में 236.8 मिमी और रेमुना में 222.0 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। मयूरभंज, क्योंझर और सुंदरगढ़ जिलों के कई स्टेशनों पर भी अत्यधिक वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य में पांच स्थानों पर ‘अत्यंत भारी’, 24 स्थानों पर ‘बहुत भारी’ और 60 स्थानों पर ‘भारी’ वर्षा की श्रेणी दर्ज की है।

मौसम विभाग के अनुसार यह स्थिति उस गहरे दबाव (डीप डिप्रेशन) के कारण बनी है, जो ओडिशा–पश्चिम बंगाल तट को पार कर अब अंदरूनी इलाकों की ओर बढ़ रहा है। लगातार बारिश के चलते कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। बालेश्वर जिले में जलका नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे बस्ता और सदर ब्लॉकों में सैकड़ों हेक्टेयर कृषि भूमि जलमग्न हो गई है।

बालेश्वर शहर सहित कई जिलों के निचले इलाकों में जलभराव के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है और यातायात बाधित हुआ है। आगामी घंटों में और बारिश की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निचले और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा अधिकारियों द्वारा जारी सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो

Powered By Sangraha 9.0