
नई दिल्ली, 28 जुलाई (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने दिल्ली-एनसीआर में यातायात को सुगम बनाने और यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से एनएच-148एनए के डीएनडी-सोहना खंड पर स्थित सराय काले खां लूप को भीड़भाड़ मुक्त करने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने का कार्य शुरू कर दिया है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अनुसार सराय काले खां दिल्ली के सबसे व्यस्त परिवहन केंद्रों में से एक है। यह लूप आश्रम, नोएडा और सराय काले खां से आने वाले ट्रैफिक के लिए एक प्रमुख मिलन बिंदु है। डीएनडी-सोहना राष्ट्रीय राजमार्ग कॉरिडोर के चालू होने के बाद यहां वाहनों का दबाव और बढ़ने की संभावना है, जिसे देखते हुए एनएचएआई प्राथमिकता के आधार पर इसका दीर्घकालिक इंजीनियरिंग समाधान तलाशेगा।
डीपीआर में जंक्शन की क्षमता बढ़ाने, सुरक्षा उपाय पुख्ता करने और यात्रा के समय में कटौती करने के लिए अवसंरचनात्मक बदलावों का मूल्यांकन किया जाएगा। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि डीएनडी-सोहना कॉरिडोर शुरू होने पर सराय काले खां इंटरचेंज पर यातायात बिना किसी बाधा के निकल सके। इसके अलावा, बढ़ते यातायात प्रबंधन और इंजीनियरिंग समाधानों का गहराई से विश्लेषण किया जाएगा।
एनएचएआई के मुताबिक इस पहल का मुख्य उद्देश्य शहरी कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना, सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए यात्रा अनुभव को सुखद बनाना और भारी ट्रैफिक का स्थायी समाधान प्रदान करना है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी