आईएसएसएफ विश्व कप: सोनम उत्तम मस्कर और हिमांशु ढिल्लों ने 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा में जीता कांस्य

28 Jul 2026 15:48:53
सोनम उत्तम मस्कर और हिमांशु ढिल्लों


हांगझोउ, 28 जुलाई (हि.स.)। चीन के हांगझोउ में आयोजित आईएसएसएफ विश्व कप राइफल/पिस्टल/शॉटगन प्रतियोगिता में भारत की सोनम उत्तम मस्कर और हिमांशु ढिल्लों की जोड़ी ने 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर देश की झोली में एक और पदक डाला। दोनों ने फाइनल में कुल 441.2 अंक (220.6-220.6) हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस स्पर्धा में चीन की दोनों टीमों ने स्वर्ण और रजत पदक अपने नाम किए।

भारतीय निशानेबाजों ने क्वालिफिकेशन राउंड में भी शानदार प्रदर्शन किया। सोनम (317.2) और हिमांशु (317.4) ने मिलकर 634.6 अंक जुटाए और फाइनल में जगह बनाई। वहीं एलावेनिल वलारिवन (316.8) और पार्थ राकेश माने (317.4) की दूसरी भारतीय जोड़ी ने 634.2 अंक के साथ फाइनल के लिए क्वालीफाई किया।

फाइनल में सोनम और हिमांशु ने संयमित प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक सुनिश्चित किया, जबकि एलावेनिल और पार्थ 378.8 अंक (एलावेनिल 190.5, पार्थ 188.3) के साथ चौथे स्थान पर रहे।

पदक जीतने के बाद सोनम उत्तम मस्कर ने कहा कि यह प्रतियोगिता काफी चुनौतीपूर्ण रही और यह सफलता आगामी एशियाई खेलों तथा विश्व चैंपियनशिप के लिए उनका आत्मविश्वास बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि बड़े मंच पर मिला अनुभव भविष्य की प्रतियोगिताओं में काफी मदद करेगा।

अपने करियर के पहले सीनियर आईएसएसएफ विश्व कप फाइनल में उतरने वाले हिमांशु ढिल्लों ने इसे यादगार उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि कोच के मार्गदर्शन और अपने खेल पर भरोसा रखने से उन्हें सफलता मिली और पहला सीनियर विश्व कप पदक जीतना उनके लिए बेहद खास पल है।

23 वर्षीय महाराष्ट्र की सोनम उत्तम मस्कर इससे पहले 2024 में काहिरा विश्व कप और नई दिल्ली विश्व कप फाइनल में रजत पदक जीत चुकी हैं। वहीं हरियाणा के 20 वर्षीय हिमांशु ढिल्लों का यह पहला सीनियर आईएसएसएफ विश्व कप पदक है। इससे पहले वह 2025 जूनियर विश्व कप और एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं।

इस कांस्य पदक के साथ हांगझोउ आईएसएसएफ विश्व कप में भारत के पदकों की संख्या चार हो गई है, जिसमें एक स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0