गोयल ने पुरबी आइसक्रीम के भूटान निर्यात को भारत के लिए शानदार उपलब्धि बताया

29 Jul 2026 17:15:53
असम से भूटान को 'पुरबी' आइसक्रीम के निर्यात का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 29 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने असम से भूटान को पुरबी आइसक्रीम की पहली खेप के निर्यात को भारत के लिए शानदार उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि इस पहल से आय के नए मौके बनेंगे, इंटरनेशनल मार्केट तक पहुंच बढ़ेगी और पूर्वोत्तर में हमारे डेयरी किसानों की आजीविका मजबूत होगी।

पीयूष गोयल ने बुधवार को एक्स पोस्ट में कहा कि असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने 'वेस्ट असम मिल्क प्रोड्यूसर्स को-ऑपरेटिव यूनियन लिमिटेड' द्वारा भूटान को 'पुरबी आइसक्रीम' के निर्यात की शुरुआत की है, जो भारत के लिए एक शानदार उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि एपीडा दस्तावेज के सहयोग से मिली यह कामयाबी भारत के डेयरी सेक्टर की बढ़ती ताकत और ग्लोबल स्तर पर मुकाबले की क्षमता को दिखाती है। साथ ही हमारे डेयरी किसानों के लिए नए रास्ते भी खोलती है।

वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने भूटान के लिए 'पुरबी' आइसक्रीम की पहली निर्यात खेप को 28 जुलाई को गुवाहाटी में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नॉर्थ ईस्ट डेयरी एंड फूड्स लिमिटेड (एनईडीएफएल) द्वारा एक्सपोर्ट की जा रही इस निर्यात खेप से भूटान के प्रमुख बाजारों, जैसे थिम्पू, पारो, फुएंटशोलिंग और वांगड्यू में 'पुराबी आइसक्रीम' की सप्लाई की जाएगी।मंत्रालय ने बताया कि इससे पड़ोसी अंतरराष्ट्रीय बाजारों में असम और पूर्वोत्तर क्षेत्र के डेयरी उत्पादों की मौजूदगी और मजबूत होगी। यह असम के डेयरी सेक्टर और नॉर्थ-ईस्ट रीजन से प्रोसेस्ड फ़ूड के एक्सपोर्ट के लिए एक अहम पड़ाव के तौर पर, असम से भूटान को 'पुराबी आइसक्रीम' की 5,627 लीटर की पहली इंटरनेशनल खेप निर्यात की गई। इससे इस इलाके से वैल्यू-एडेड डेयरी एक्सपोर्ट के नए रास्ते खुल गए हैं।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0