एलआईसी ने वित्त मंत्री को 12,207 करोड़ रुपये के लाभांश का चेक सौंपा

29 Jul 2026 18:18:53
सीतारमण को 12,207 करोड़ रुपये का डिविडेंड चेक सौंपते एलआईसी के सीईओ आर. दोराईस्वामी


नई दिल्ली, 28 जुलाई (हि.स.)। सार्वजनिक क्षेत्र की सबसे बड़ी जीवन बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ने बुधवार को केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 12,207 करोड़ रुपये का डिविडेंड चेक (लाभांश चेक) सौंपा।

एलआईसी ने एक बयान में बताया कि भारतीय जीवन बीमा निगम के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और एमडी आर. दोराईस्वामी ने आज वित्त एवं कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री सीतारमण को 12,207.25 करोड़ रुपये का लाभांश का चेक सौंपा। यह सरकार का डिविडेंड हिस्सा है, जिसे 27 जुलाई 2026 को हुई सालाना आम बैठक में शेयरधारकों ने मंज़ूरी दी थी।

बीमा कंपनी ने कहा कि इस मौके पर केंद्रीय वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग के सचिव संजय लोहिया के साथ एलआईसी के वरिष्ठ अधिकारियों में प्रबंध निदेशक (एमडी) रत्नाकर पटनायक और एमडी आर. चंदर तथा उत्तरी जोन के जोनल मैनेजर (प्रभारी) एनएस राघवा भी मौजूद थे।

उल्लेखनीय है कि एलआईसी अपनी स्थापना के 70 शानदार साल पूरे कर रही है और 31 मार्च 2026 तक इसका एसेट बेस 59.03 लाख करोड़ है। यह भारतीय जीवन बीमा बाजार में मार्केट लीडर बनी हुई है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0