छत्तीसगढ़ के बीजापुर में दो स्थानों पर आईईडी विस्फोट, दो युवक घायल

29 Jul 2026 19:59:53
घायल युवक देवा सोढ़ी


बीजापुर, 29 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी की चपेट में आने से बुधवार को दो अलग-अलग घटनाओं में एक पर्यटक युवक और एक ग्रामीण युवक घायल हो गए। दोनों घायलों का उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार युवकों का एक दल बुधवार सुबह नीलम सरई वॉटरफॉल घूमने के लिए निकला था। वॉटरफॉल से लगभग एक किलोमीटर पहले नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर आईईडी में विस्फाेट हो गया, जिसकी चपेट में देवा सोढ़ी नामक युवक आ गया। घायल युवक को पहले उसूर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्रथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए बीजापुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

दूसरी घटना ग्राम नांबी के जंगल में हुई। यहां मवेशी चराने गए विनोद कट्टम (15) पिता चन्द्रु कट्टम पहले से लगाए गए प्रेशर आईईडी की चपेट में आ गया। उसका भी उपचार कराया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, करेंगुटा अभियान के दौरान नक्सलियों ने इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में आईईडी बिछाए थे। सुरक्षा बलों ने अधिकांश विस्फोटकों को निष्क्रिय कर दिया है, लेकिन आशंका है कि कुछ आईईडी अब भी जमीन में दबे हो सकते हैं।

बीजापुर के पुलिस अधीक्षक उमेश गुप्ता ने बताया कि सुकमा से आया युवकों का दल बिना प्रशासन या सुरक्षा बलों को सूचना दिए नीलम सरई वॉटरफॉल की ओर चला गया था। उन्होंने कहा कि संबंधित क्षेत्र में अभी भी डिमाइनिंग (बारूदी सुरंग निष्क्रिय करने) का अभियान जारी है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को भी संवेदनशील इलाकों में लोगों की आवाजाही रोकने और सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Powered By Sangraha 9.0