अमेरिका-सऊदी हवाई हमलों पर इराक का कड़ा रुख, कानूनी कार्रवाई के निर्देश

29 Jul 2026 23:03:53

बगदाद, 29 जुलाई (हि.स.)। इराक के प्रधानमंत्री अली अल-जायदी ने अमेरिका और सऊदी अरब द्वारा इराक में किए गए हवाई हमलों के बाद विदेश मंत्रालय को दोनों देशों के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कानूनी कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया है। इराकी सैन्य बयान के अनुसार, यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के प्रावधानों के तहत की जाएगी।

प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की बैठक में विदेश मंत्रालय को आवश्यक कूटनीतिक और कानूनी कदम उठाने के निर्देश दिए गए। परिषद ने कहा कि इराक अपनी संप्रभुता और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों पर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उचित कार्रवाई करेगा।

बुधवार को अमेरिका और सऊदी अरब ने उत्तरी और दक्षिणी इराक के कई क्षेत्रों में हवाई हमले किए थे। इन हमलों को ईरान समर्थित सशस्त्र समूहों द्वारा अमेरिकी ठिकानों और सऊदी तेल प्रतिष्ठानों पर हुए हमलों की प्रतिक्रिया बताया गया।

ईरान समर्थक इराकी मिलिशिया समूह पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्स (पीएमएफ) के अनुसार, इन हमलों में उसके लॉजिस्टिक और हथियार भंडारण केंद्रों को निशाना बनाया गया, जिसमें कम से कम 20 लोगों की मौत हुई और 32 अन्य घायल हुए।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0