असम के कछार में फैक्ट्री विस्फोट पर एनएचआरसी ने दो सप्ताह में रिपोर्ट तलब की

29 Jul 2026 12:44:53
एनएचआरसी


नई दिल्ली, 29 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने असम के कछार जिले में धातु प्रसंस्करण फैक्ट्री में हुए विस्फोट से चार मजदूरों की मौत और दो अन्य के गंभीर रूप से घायल होने की घटना पर स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने असम के मुख्य सचिव और कछार के पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

आयोग ने कहा कि रिपोर्ट में घायलों की स्वास्थ्य स्थिति और मृतकों के परिजनों व घायल मजदूरों को दी गई क्षतिपूर्ति का विवरण शामिल होना चाहिए। मीडिया रिपोर्ट में जानकारी मिली कि 26 जुलाई को फैक्ट्री में विस्फोट के बाद पिघला हुई धातु मजदूरों पर गिरी, जिससे चार की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हुए। हादसे के समय फैक्ट्री में 100 से अधिक मजदूर मौजूद थे।

स्थानीय लोगों और मृतकों के परिजनों ने आरोप लगाया कि इस फैक्ट्री में पहले भी ऐसे हादसे हो चुके हैं। आयोग ने कहा कि यदि मीडिया रिपोर्ट सही है तो यह गंभीर मानवाधिकार उल्लंघन का मामला है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0