प्रधानमंत्री ने रजत पदक जीतने पर हरजिंदर कौर और गुलवीर को दी बधाई

29 Jul 2026 18:06:53
राष्ट्रमंडल खेल 2026 में रजत पदक जीतने वाली भारतीय भारोत्तोलक हरजिंदर कौर


नई दिल्ली, 29 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रमंडल खेल-2026 में रजत पदक जीतने वाली भारतीय भारोत्तोलक हरजिंदर कौर और धावक गुलवीर सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में महिलाओं के 69 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतने पर हरजिंदर कौर की सराहना की। उन्होंने कहा कि हरजिंदर का यह प्रदर्शन उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ भी रहा, जो विशेष रूप से उल्लेखनीय है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय भारोत्तोलकों का शानदार प्रदर्शन देश के लिए गर्व की बात है। हरजिंदर के भावी प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।

एक अन्य पोस्ट में प्रधानमंत्री ने पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतने वाले गुलवीर को बधाई देते हुए कहा कि ग्लासगो में उनका प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने कहा कि गुलवीर की प्रतिबद्धता और समर्पण सराहनीय है तथा उनके आगामी प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं।

उल्लेखनीय है कि एथलेटिक्स में गुलवीर ने पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता, जबकि हरजिंदर कौर ने महिलाओं के 69 किलोग्राम भार वर्ग में कुल 227 किलोग्राम वजन उठाकर दूसरा रजत अपने नाम किया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Powered By Sangraha 9.0