टेलीग्राम के संस्थापक पावेल डुरोव पर रूस ने लगाया आतंकवाद में मदद का आरोप

29 Jul 2026 17:02:53
टेलीग्राम के संस्थापक पावेल डुरोव  (फाइल फाेटाे)


मॉस्को, 29 जुलाई (हि.स.)। रूस की फ़ेडरल सिक्योरिटी सर्विस (एफएसबी) ने मैसेजिंग प्लेटफॉर्म टेलीग्राम के संस्थापक पावेल डुरोव पर आतंकवादी गतिविधियों में मदद करने के आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय वांटेड सूची में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

तुर्किए की सरकारी समाचार एजेंसी अनाडोलू

के मुताबिक, एफएसबी द्वारा जारी बयान में कहा गया कि पावेल डुरोव के खिलाफ रूसी आपराधिक संहिता की धारा 205.1 (भाग 1.1) के तहत आतंकवादी गतिविधियों में मदद करने के आरोप में आपराधिक जांच चल रही है।

रूसी एजेंसी का आरोप है कि टेलीग्राम ने रूसी कानूनों का उल्लंघन करते हुए ऐसे कई चैनलों, चैट और बॉट्स को नहीं हटाया, जिनका कथित तौर पर यूक्रेनी विशेष सेवाओं, आतंकवादी और चरमपंथी संगठनों द्वारा रूस में तोड़फोड़, आतंकवादी हमलों, सामूहिक हत्याओं और साइबर धोखाधड़ी जैसी गतिविधियों की योजना बनाने और समन्वय के लिए इस्तेमाल किया गया।

एफएसबी ने दावा किया कि इन कथित गतिविधियों के कारण महिलाओं और बच्चों सहित कई लोगों की जान गई तथा बड़े पैमाने पर आर्थिक नुकसान हुआ है।

एजेंसी के अनुसार, पावेल डुरोव को अंतरराष्ट्रीय वांटेड सूची में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0