एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप के लिए रवाना हुई भारतीय टीम, जर्मनी में खेलेगी दो अभ्यास मैच

29 Jul 2026 11:26:53
भारतीय महिला हॉकी टीम


नई दिल्ली, 29 जुलाई (हि.स.)।भारतीय महिला हॉकी टीम बुधवार तड़के एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 के लिए यूरोप रवाना हो गई। बेल्जियम और नीदरलैंड की मेजबानी में 15 से 30 अगस्त तक होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट से पहले भारतीय टीम जर्मनी में अंतिम चरण की तैयारियां करेगी।

भारतीय टीम बेंगलुरु से मुंबई होते हुए फ्रैंकफर्ट (जर्मनी) पहुँचेगी, जहां वह 31 जुलाई और 1 अगस्त को मेजबान जर्मनी के खिलाफ दो अभ्यास मैच खेलेगी। इन मुकाबलों का उद्देश्य टीम संयोजन को अंतिम रूप देना और यूरोपीय परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालना है।

जर्मनी में प्रशिक्षण शिविर पूरा करने के बाद भारतीय टीम 2 अगस्त को नीदरलैंड के एम्स्टर्डम रवाना होगी, जहां विश्व कप से पहले अपनी तैयारियों को और मजबूत करेगी।

भारत अपने अभियान की शुरुआत 16 अगस्त को चीन के खिलाफ करेगा। इसके बाद पूल-डी में भारतीय टीम का सामना दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड से होगा।

रवाना होने से पहले भारतीय टीम की कप्तान सलीमा टेटे ने कहा कि पूरी टीम इस चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा, हमने अच्छा प्रशिक्षण लिया है और अब उसी लय को अभ्यास मैचों और फिर विश्व कप में बरकरार रखना हमारा लक्ष्य है। चीन के खिलाफ पहला मैच हमारे लिए अहम होगा और हम टूर्नामेंट की सकारात्मक शुरुआत करना चाहते हैं। पूरी टीम देश को गौरवान्वित करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देगी।

कई महीनों की तैयारी और जर्मनी में मिलने वाले अभ्यास मुकाबलों के साथ भारतीय टीम विश्व कप में दमदार प्रदर्शन के इरादे से यूरोप पहुंच चुकी है। टीम को उम्मीद है कि यह तैयारी उसे टूर्नामेंट में मजबूत शुरुआत दिलाने में मदद करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0