तमिलनाडु के तीन जिलों में अगले दो दिनों में भारी बारिश का पूर्वानुमान

29 Jul 2026 08:39:53

चेन्नई, 29 जुलाई (हि.स.)। चेन्नई मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा कि तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों के निचले वायुमंडल में एक कमजोर निम्न दाब की द्रोणी (ट्रफ) बनी हुई है। इसके प्रभाव से अगले 2 दिनों तक तमिलनाडु के तीन जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। केंद्र ने चेतावनी दी है कि 31 जुलाई और 1 अगस्त को तमिलनाडु के कोयंबटूर, नीलगिरि और थेनी जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

केंद्र के अनुसार, आज पश्चिमी घाट के जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्रों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। 30 जुलाई को नीलगिरि जिले के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी घाट के जिलों में कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है।

साथ ही 2 और 3 अगस्त को पश्चिमी घाट के जिलों में कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है। आज चेन्नई और उसके उपनगरों में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा।

मछुआरों के लिए चेतावनीः 30 जुलाई तक दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों, आंध्र प्रदेश तटवर्ती क्षेत्रों और उससे लगे दक्षिण आंध्र तट, मध्य-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के अधिकांश हिस्सों तथा अंडमान सागर में तेज़ तूफानी हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा, 1 अगस्त तक दक्षिण तमिलनाडु तट, मन्नार की खाड़ी और उससे सटे कुमारी सागर क्षेत्र, मध्य-पूर्व अरब सागर, केरल–कर्नाटक तटीय क्षेत्र तथा लक्षद्वीप क्षेत्र में भी तेज हवा चलने की संभावना है। इसलिए मछुआरों को इन समुद्री क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Powered By Sangraha 9.0