बीएचईएल को नाइजीरिया से मिला 8 गैस टर्बाइन जेनरेटर पैकेजों का बड़ा ऑर्डर

29 Jul 2026 20:59:53
बीएचईएल लोगो


हरिद्वार, 29 जुलाई (हि.स.) । भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) ने नाइजीरिया के डांगोटे पेट्रोलियम रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स फ्री जोन एंटरप्राइज से आठ गैस टर्बाइन जेनरेटर पैकेजों की आपूर्ति और कमीशनिंग का महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय ऑर्डर हासिल किया है।

बुधवार को बीएचईएल की हरिद्वार इकाई के संचार एवं जनसंपर्क विभाग ने यह जानकारी दी । यह ऑर्डर कड़ी वैश्विक प्रतिस्पर्धा के बीच प्राप्त हुआ है। डांगोटे समूह की कंपनी डांगोटे पेट्रोलियम रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स फ्री जोन एंटरप्राइज अफ्रीका के प्रमुख औद्योगिक समूहों में शामिल है, जिसका कारोबार तेल शोधन, पेट्रोकेमिकल्स, उर्वरक, सीमेंट, चीनी और अन्य क्षेत्रों में फैला हुआ है।

कंपनी के अनुसार, गैस टर्बाइन के क्षेत्र में मात्रा और मूल्य दोनों के लिहाज से यह बीएचईएल का अब तक का सबसे बड़ा एकल ऑर्डर है। इन उपकरणों का निर्माण बीएचईएल की हैदराबाद और बेंगलुरु स्थित इकाइयों में किया जाएगा। कंपनी ने इसे वैश्विक इंजीनियरिंग क्षेत्र में अपनी तकनीकी क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मक मजबूती का प्रमाण बताया है।

बीएचईएल ने बताया कि कंपनी ने अफ्रीका में पहले भी कई देशों को विभिन्न उत्पादों और उपकरणों की आपूर्ति की है। मिस्र, इथियोपिया, लीबिया, रवांडा, सेनेगल और सूडान जैसे देशों में उसकी मजबूत मौजूदगी है।

बीएचईएल पिछले चार दशकों से अधिक समय से भारत और विदेशों में गैस टर्बाइन का निर्माण और आपूर्ति कर रही है। कंपनी के पास करीब 250 गैस टर्बाइनों की आपूर्ति का रिकॉर्ड है, जिनमें 20 प्रतिशत से अधिक विदेशी ग्राहकों को उपलब्ध कराई गई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Powered By Sangraha 9.0