आंध्र प्रदेश में बारात के ऑटो-रिक्शा को ट्रक ने मारी टक्कर, चार लोगों की मौत

03 Jul 2026 13:59:08

हैदराबाद, 03 जुलाई (हि.स.)। आंध्र प्रदेश के मरकापुर जिले में शुक्रवार की सुबह सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। सभी मृतक एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं, जो एक विवाह कार्यक्रम के सिलसिले में ऑटो रिक्शा से मंदिर गए थे।

मार्कपुर के उप-विभागीय पुलिस अधिकारी यू. नागा राजू ने बताया कि यह दुर्घटना रात करीब 1 बजे बेंगलुरु हाईवे पर कम्बम में हुई, जब दुल्हन पूजा करने के लिए सड़क किनारे स्थित विनायक स्वामी मंदिर में गई थी। बाकी लोग बाहर वाहन में इंतजार कर रहे थे। दुल्हन के परिवार ने अपना ऑटो-रिक्शा मंदिर के पास रोका था, तभी एक ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में चार लोगों दुल्हन के दो बड़े भाई, उसकी भाभी और एक चचेरे भाई की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अवुल अलकानंदा (19), अवुल अंकलु (20), अवुल नागेश (17) और अवुल नागेश्वरी (2) के रूप में की गई है। ये सभी नल्लाबंडा बाजार, गिद्दलूर के निवासी थे।

गनीमत रही कि दुल्हन इस दुर्घटना में सुरक्षित बच गई, क्योंकि वह उस समय मंदिर के अंदर थी। पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है और आगे की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Powered By Sangraha 9.0