
भागलपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। नवगछिया के भवानीपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर हुए एक सड़क हादसे में दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के सात सदस्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब बालू से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित कच्चे मकान पर पलट गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक भवानीपुर थाना के सामने खगड़िया की ओर से आ रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे बने कच्चे मकान पर पलट गया। हादसे के समय मकान के भीतर परिवार के कई सदस्य मौजूद थे, जो ट्रक और मलबे के नीचे दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर भवानीपुर थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा।
हादसे में भिखारी मलिक के परिवार के सदस्य घायल हुए हैं। घायलों में इंदु देवी (40), नीरज कुमार (22), गुड्डू मलिक (28), कारे मलिक (14), ममता कुमारी (17), सपना कुमारी (12), मौसम कुमारी (20) और सात माह का प्रीतम कुमार शामिल हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नारायणपुर ले जाया गया। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल इंदु देवी की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज अस्पताल), भागलपुर रेफर कर दिया।
पुलिस ने बताया कि हादसे में दो बच्चों सहित तीन लोगों की मौत हुई है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। राहत एवं बचाव अभियान लगातार चलाया जा रहा है और मलबे की भी तलाशी ली जा रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उसके नीचे कोई और व्यक्ति दबा न हो।
हादसे से नाराज ग्रामीणों ने नारायणपुर बस स्टैंड के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-31 को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पीड़ित परिवार को मुआवजा तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
मौके पर मौजूद भवानीपुर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर ट्रक के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर