चिराग पासवान ने खाद्य कंपनियों से गुणवत्ता वाले उत्पाद बनाने पर ध्यान देने को कहा

03 Jul 2026 23:32:53
भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चिराग पासवान


भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चिराग पासवान


नई दिल्ली, 03 जुलाई (हि.स)। केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने खाद्य कंपनियों से गुणवत्ता वाले उत्पाद बनाने पर जोर देने को कहा है। पासवान ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र किसानों की आय बढ़ाने, रोजगार के अवसर पैदा करने एवं बर्बादी को कम करने में मदद कर सकता है।

चिराग पासवान ने राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडियन हेल्दी स्नैकिंग समिट को संबोधित करते हुए यह बात कही। केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री ने कंपनियों से वैश्विक मानकों के अनुरूप उत्पाद तैयार करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में कारोबार के बहुत बड़े मौके हैं।

केंद्रीय मंत्री ने खाद्य कंपनियों से ऐसे गुणवत्ता वाले उत्पाद बनाने पर ध्यान देने को कहा जो दुनियाभर के ग्राहकों की जरूरतें पूरी कर सकें। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने पिछले 12 साल में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के विकास के लिए कई कदम उठाए हैं। इसमें इस क्षेत्र में सौ फीसदी प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) की मंजूरी देना भी शामिल है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, मैं इंडियन हेल्दी स्नैकिंग समिट 2026 को बधाई देता हूं। मैं मानता हूं कि ये एक ऐसा जागरूकता वाला इवेंट है जिसकी जरूरत आज की तारीख में हमारे देश और समाज को है। कहीं ना कहीं मोटापा एक चिंता का विषय बन रहा है लेकिन देश की एक बड़ी आबादी फिटनेस के साथ अपने आप को जोड़कर देखती है। ऐसे में हमारे पास हेल्दी स्नैकिंग के विकल्प मौजूद हों। इस उद्योग को इसमें आगे आने की जरूरत है।

'इंडियन हेल्दी स्नैकिंग समिट' को संबोधित करते हुए उन्होंने सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर द्वारा बनाई जा रही इस नकारात्मक धारणा के बारे में भी बात की कि ‘‘प्रसंस्कृत खाद्य बुरा होता है।’’ उन्होंने कहा कि इस धारणा का मुकाबला करने की जरूरत है, क्योंकि यह वैज्ञानिक सबूतों पर आधारित नहीं है। प्रसंस्करण क्षेत्र में बहुत गुंजाइश बताते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ फूड टेक्नोलॉजी एंटरप्रेन्योरशिप एंड मैनेजमेंट (निफ्टेम) इस क्षेत्र में स्टार्टअप की मदद करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0