फिल्म 'मातृभूमि' पर संकट के बादल

03 Jul 2026 18:19:53
सलमान खान  - फोटो सोर्स एक्स


सलमान खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'मातृभूमि' की रिलीज फिलहाल अधर में लटक गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) ने फिल्म के प्रमाणन पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी यह फिल्म वर्ष 2020 के गलवान घाटी संघर्ष पर आधारित है। पहले इसका नाम 'बैटल ऑफ गलवान' रखा गया था और इसे अगस्त में सिनेमाघरों में रिलीज किए जाने की तैयारी थी।

बताया जा रहा है कि फिल्म का टीजर जारी होने के बाद चीन में इसे लेकर विवाद खड़ा हो गया था। चीनी सोशल मीडिया पर आरोप लगाए गए कि फिल्म में गलवान घाटी की घटना को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। विवाद बढ़ने के बाद भारतीय विदेश मंत्रालय ने भी स्पष्ट किया था कि फिल्म के निर्माण या प्रस्तुति से उसका कोई संबंध नहीं है। अब सेंसर बोर्ड द्वारा प्रमाणन प्रक्रिया रोक दिए जाने के बाद फिल्म की रिलीज को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है।

फिल्म में सलमान खान 16 बिहार रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर रहे शहीद कर्नल संतोष बाबू की भूमिका निभा रहे हैं। उनके साथ चित्रांगदा सिंह, अभिलाष चौधरी और अंकुर भाटिया भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है।

पहले फिल्म 17 अप्रैल को रिलीज होने वाली थी, बाद में इसे अगस्त तक टाल दिया गया था। अब नई रिलीज तारीख का इंतजार किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0